India vs Pakistan: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरुआत 19 फरवरी से हो रही है, लेकिन इस टूर्नामेंट में सबकी नजर इंडिया और पाकिस्तान के बीच होने वाले बड़े मुकाबले पर है। दोनों देशों के बीच दुबई में यह ब्लॉकबस्टर मुकाबला 23 फरवरी को खेला जाएगा। इस मैच के लिए ICC ने ऑनलाइन टिकट विंडो शुरु करने के बाद कुछ ही मिनटों में सभी टिकट बिक गए। टिकट के लिए इतनी भीड़ थी कि डेढ़ लाख से ज्यादा फैंस ऑनलाइन कतार में लग रहे। जिसके चलते इंतजार का समय एक घंटे से भी ज्यादा हो गया।
बता दें यह टूर्नामेंट 19 फरवरी से पाकिस्तान और दुबई में आयोजित होगा। भारत चैंपियंस ट्रॉफी के अपने सभी मुकाबले दुबई में खेलेगी। सोमवार शाम से आईसीसी ने भारत के ग्रुप मैचों और दुबई में होने वाले पहले सेमीफाइनल के टिकट बेचना शुरू किया था। टिकटों की कीमत 125 एईडी (लगभग 2,900 रुपये) से शुरू हो रही थी।
कुछ ही मिनटों में बिक गए सारे टिकट
भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज का यह मैच टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला माना जा रहा है। हर क्रिकेट फैंस के लिए इस महामुकाबले की टिकट लेना बड़ी बात होती है। भारत और पाकिस्तान मैच के टिकट की डिमांड काफी ज्यादा होती है, इस मैच का टिकट आसानी से नहीं मिलता है। इस बार भी ऐसा ही कुछ हुआ, जब फैंस टिकट खरीदने के लिए डेढ़ घंटे तक वेबसाइट पर अपनी बारी का इंतजार करते रहे, लेकिन तब तक सभी टिकट सोल्ड हो गई थीं। दुबई की निवासी सुधाश्री ने कहा, "मुझे लंबी कतार की उम्मीद थी, लेकिन जिस तेजी से टिकट बिके, वह हैरान करने वाला था। जब तक अपनी जगह सुरक्षित की तब तक केवल दो श्रेणियां बची थीं, जो मेरे बजट से बाहर थीं।"
दुबई में खेला जाएगा मुकाबला
मैच का टिकट लेने के लिए फैंस लगभग एक घंटे तक कतार में खड़े रहे, लेकिन जब तक उनकी बारी आई भारत-पाकिस्तान मैच के सभी टिकट सोल्ड हो चुके थे। इसमें Dh2,000 प्लेटिनम टिकट और Dh5,000 ग्रैंड लाउंज सेक्शन के टिकट शामिल थे। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 25,000 दर्शकों के बैठने की कैपेसिटी है। इस मैच की जबरदस्त लोकप्रियता को साबित कर दिया। यह एक बार फिर दिखा दिया कि भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच का क्रेज कितना ज्यादा है। भारत और पाकिस्तान के बीच मैच 23 फरवरी को दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा। यह 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का ग्रुप-स्टेज मैच है, जो पाकिस्तान और यूएई में हाइब्रिड मॉडल पर आयोजित किया जाएगा।