IND vs PAK: 'सब खत्म हो...', भारत से मिली करारी हार के बाद छलका पाकिस्तानी कप्तान रिजवान का दर्द, टीम को लेकर दिया बड़ा बयान

IND vs PAK: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में ग्रुप-ए मुकाबले में पाकिस्तान को भारत से 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद कप्तान मोहम्मद रिजवान निराश नजर आए और उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी टीम का सफर लगभग खत्म हो गया है

अपडेटेड Feb 24, 2025 पर 1:37 PM
IND vs PAK: मैच खत्म होने के बाद रिजवान ने माना कि चैंपियंस ट्रॉफी में उनकी टीम का सफर खत्म हो गया है

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पांचवा मुकाबला खेला गया, इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में रिजवान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन यह फैसला गलत साबित हुआ। पाकिस्तानी टीम 49.4 ओवर में सिर्फ 241 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की ओर से सऊद शकील ने सबसे ज्यादा 62 रन बनाए, जबकि रिजवान ने 77 गेंदों में 46 रन जोड़े।

टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 242 रनों का लक्ष्य 42.3 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस मैच में विराट कोहली ने यादगार पारी खेली। कोहली ने 111 गेंदों में 100 रन बनाकर अपना 51वां वनडे शतक पूरा किया और भारत को यादगार जीत दिलाई। मैच खत्म होने के बाद रिजवान ने माना कि चैंपियंस ट्रॉफी में उनकी टीम का सफर खत्म हो गया है।

हार के बाद रिजवान ने क्या कहा


क्रिकबज से बातचीत में पाकिस्तान के कप्तान रिजवान ने कहा, "फिलहाल हम कह सकते हैं कि हमारा सफर खत्म हो चुका है। यह सच है। एक कप्तान के तौर पर मुझे यह पसंद नहीं है कि हम दूसरे टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर करें। न्यूजीलैंड और भारत ने हमें हराया और हम इसे स्वीकार करते हैं। कभी हम अच्छा खेलते हैं, कभी खराब। लेकिन हम यह नहीं कह सकते कि हमें किसी और के सहारे रहना चाहिए। यह अल्लाह की मर्जी है और हम इसमें कुछ नहीं कर सकते।"

रिजवान ने आगे कहा, "अगले मैच में देखेंगे कि बांग्लादेश न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा खेलता है, न्यूजीलैंड भारत के साथ क्या करता है और हम खुद कैसा प्रदर्शन करते हैं। यह एक लंबा सफर है। हां हमें उम्मीद है और अल्लाह पर भरोसा है। अब चैंपियंस ट्रॉफी में हमारी किस्मत दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर हो गई है।"

टीम ने नहीं की अच्छी बल्लेबाजी

रिजवान ने माना कि उनकी टीम इस मैच में अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पाई। उन्होंने कहा, "मीडिल ऑर्डर का प्रदर्शन ठीक नहीं था। कल हमने चर्चा की थी कि इस पिच पर 270-280 रन काफी होंगे, क्योंकि आउटफील्ड और पिच दोनों धीमी थीं। अगर हम 280 रन बना लेते तो शायद नतीजा कुछ और होता। मैंने (46) और सऊद शकील (62) ने पार्टनरशिप बनाने की कोशिश की और काफी समय लिया। लेकिन इसके बाद हमारा शॉट चयन खराब रहा, जिससे उन्होंने हमारे विकेट ले लिए। फिर मीडिल ऑर्डर दबाव नहीं झेल सका और हम संभल नहीं पाए।"

पाकिस्तान अभी भी पहुंच सकती है सेमीफाइनल में

रिजवान के इस बयान के बावजूद पाकिस्तान की टीम अभी भी सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई है। अगर बांग्लादेश सोमवार को न्यूजीलैंड को हरा देता है।  पाकिस्तान गुरुवार को बांग्लादेश को बड़े अंतर से हराता है। इसके साथ ही अगर रविवार को भारत न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हराता है, तो पाकिस्तान टॉप 2 में जगह बना सकता है और ग्रुप ए से नॉकआउट में पहुंच सकता है।

NZ vs BAN Playing 11: रावलपिंडी की पिच पर न्यूजीलैंड को चौंकाएगा बांग्लादेश! मैच से पहले जानें कैसी हो दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।