Champions Trophy 2025 : चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में एक के बाद एक कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। बुधवार को खेले गए मुकाबले में आफगानिस्तान ने इंग्लैंड को हरा टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। वहीं टूर्नामेंट में आज पाकिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अपना आखिरी मुकाबला 27 फरवरी को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है। दोनों टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं, इसलिए यह मुकाबला सिर्फ सम्मान बचाने के लिए होगा।
दोनों ही टीमों की कोशिश होगी कि वे जीत के साथ अपना सफर खत्म करें। खासतौर पर पाकिस्तान अपने घरेलू दर्शकों को खुश करना चाहेगा। हालांकि, रावलपिंडी में बारिश होने की संभावना है, जिससे मैच पर असर पड़ सकता है।
लाज बचाने उतरेगी पाकिस्तान की टीम
बता दें कि गुरुवार को पाकिस्तान और बांग्लादेश, चैंपियंस ट्रॉफी में अपने आखिरी ग्रुप मैच में भिड़ेंगी। यह मुकाबला 27 फरवरी को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं क्योंकि वे अपने शुरुआती दो मैच हार गईं। भारत और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। मौजूदा चैंपियन पाकिस्तान का प्रदर्शन अब तक खराब रहा। पहले मैच में न्यूजीलैंड ने उन्हें 60 रन से हराया था।
दूसरे मैच में भी पाकिस्तान की बल्लेबाजी कमजोर रही। दुबई में पहले खेलते हुए उन्होंने 241 रन बनाए। लेकिन भारत ने आसानी से यह लक्ष्य हासिल कर लिया और 43वें ओवर में मैच जीत लिया। अब भले ही पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है, लेकिन वह अपने घरेलू मैदान पर जीत के साथ चैंपियंस ट्रॉफी का सफर खत्म करना चाहेगा।
वहीं इस टूर्नामेंट में बांग्लादेश भी लगातार दो हार के बाद जीत के साथ अपना सफर खत्म करना चाहेगा। पहले मैच में भारत के खिलाफ उन्होंने 228 रन बनाए, लेकिन टीम छह विकेट से हार गई। अगले मैच में भी बांग्लादेश पहले बल्लेबाजी करते हुए 250 रन तक नहीं पहुंच सका। न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र के शतक की बदौलत उनकी टीम ने यह लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।
27 फरवरी को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी मैच में बारिश खलल डाल सकती है। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मैच के दौरान हवा 15-22 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी और नमी 79 से 98 प्रतिशत तक रह सकती है।
गेंदबाजों को मदद करेगी पिच
रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम की पिच तेज़ गेंदबाज़ों के लिए मददगार रह सकती है। यहां अब तक खेले गए वनडे मैचों में खूब रन बने हैं। बांग्लादेश ने इसी मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था, जहां कुल 470 से ज्यादा रन बने थे। नमी के चलते दूसरी पारी में स्पिनर्स को भी फायदा मिल सकता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।
ऐसी हो सकती है प्लेइंग XI
पाकिस्तान: इमाम-उल-हक, बाबर आजम, उस्मान खान, मोहम्मद रिजवान (कप्तान और विकेटकीपर), सलमान आगा, फहीम अशरफ, कामरान गुलाम, मोहम्मद हसनैन, नसीम शाह, हारिस रऊफ, अबरार अहमद।
बांग्लादेश: तंज़ीद हसन, नजमुल हुसैन शान्तो (कप्तान), मेहदी हसन मिराज, तौहीद हृदोय, मुश्फिकुर रहीम (विकेटकीपर), महमूदुल्लाह, जेकर अली, रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद, नाहिद राणा, मुस्तफिजुर रहमान