'हमें IPL का मैच देखने से रोका गया' प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के आरोप का दिल्ली पुलिस ने किया खंडन

ओलिंपिक मेडलिस्ट के मुताबिक, विरोध करने वाले पहलवानों के पास मैच के पांच टिकट थे, जिन्हें दिल्ली पुलिस ने जब्त कर लिया। न्यूज एजेंसी IANS से ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक ने कहा, "हम सभी पांचों के पास मैच के टिकट थे और हम मैच देखने जा रहे थे। दिल्ली पुलिस ने पहले हमारे टिकट लिए, फिर हमें एक अनिश्चित जगह पर ले जाया गया"

अपडेटेड May 20, 2023 पर 9:59 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
नई दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच IPL 2023 मैच के दौरान अरुण जेटली स्टेडियम के बाहर पहलवान विनेश फोगट, बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक (PHOTO-PTI)

रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष और BJP सांसद बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) के खिलाफ जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों (Wrestlers) ने शनिवार शाम आरोप लगाया है कि उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच हो रहे IPL 2023 का मैच देखने से रोका गया। पहलवानों का आरोप है कि मैच टिकट होने के बावजूद उन्हें अरुण जेटली स्टेडियम में घुसने से रोक दिया गया था।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो ओलिंपिक मेडलिस्ट के मुताबिक, विरोध करने वाले पहलवानों के पास मैच के पांच टिकट थे, जिन्हें दिल्ली पुलिस ने जब्त कर लिया। न्यूज एजेंसी IANS से ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक ने कहा, "हम सभी पांचों के पास मैच के टिकट थे और हम मैच देखने जा रहे थे। दिल्ली पुलिस ने पहले हमारे टिकट लिए, फिर हमें एक अनिश्चित जगह पर ले जाया गया।"

साक्षी के साथ वहां मौजूद पहलवान विनेश फोगाट ने कहा, "पुलिस ने कहा कि वे हमें VIP ट्रीटमेंट देंगे, लेकिन हमें हिरासत में लेने की कोशिश की। हमने तब अपने टिकट मांगे और कहा कि हम अब खेल नहीं देखेंगे और लौट आए।" उन्होंने बताया कि पुलिस ने सुरक्षा का हवाला देकर उन्हें मैच देखने से रोका।


दिल्ली पुलिस ने आरोपों का किया खंडन

वहीं दिल्ली पुलिस ने कहा कि वैध टिकट लिए हुए किसी भी पहलवान को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैच देखने से नहीं रोका गया।

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि 10 से 12 पहलवान और अन्य लोग स्टेडियम में मैच देखने आए थे। हालांकि उनमें से केवल पांच के पास टिकट था। अधिकारी ने कहा कि बिना टिकट या ‘पास’ वाले लोगों को एंट्री करने की अनुमति नहीं थी।

'पहलवानों को नहीं मिला इंसाफ, तो वापिस कर दूंगा अपने सभी मेडल' प्रदर्शनकारी रेसलर के समर्थन में आए महावीर सिंह फोगाट

अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने वैलिड टिकट लिए हुए लोगों को उस गेट से स्टेडियम में एंट्री करने के लिए कहा, जहां से उन्हें दाखिल होने की अनुमति थी। हालांकि, वे वहां से चले गए और स्टेडियम में एंट्री नहीं की।

दिल्ली पुलिस ने ट्वीट किया, “कुछ सोशल मीडिया हैंडल पहलवानों को IPL मैच देखने से रोके जाने से जुड़ी भ्रामक खबर प्रसारित कर रहे हैं| फिरोजशाह कोटला मैदान पर किसी भी वैध टिकट या पास वालों को नहीं रोका गया है, सभी को उनके तय गेट से एंट्री दी गई है|”

बता दें कि भारत के शीर्ष पहलवान साक्षी मलिक, विनेश फोगट और बजरंग पुनिया सात महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। शनिवार 20 मई को जंतर-मंतर पर चल रहे उनके धरने का 27वां दिन पूरा हो गया, जिसका फिलहाल कोई समाधान नजर नहीं आ रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।