Wrestlers Protest: प्रदर्शनकारी पहलवानों के समर्थन में आये द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच महावीर सिंह फोगाट (Mahavir Singh Phogat) ने शुक्रवार को भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) की गिरफ्तारी की मांग करते हुए धमकी दी कि इंसाफ नहीं मिलने पर वह 'अपने मेडल वापिस कर देंगे।'
ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक (Sakshi Malik) और बजरंग पूनिया (Bajrang Punia), विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) समेत पहलवान 23 अप्रैल से दिल्ली में धरने पर बैठे हैं। वे सात पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे WFI अध्यक्ष और BJP सांसद सिंह को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।
महावीर फोगाट ने कहा , "अगर इस मामले में इंसाफ नहीं मिला, तो मैं अपने पदक वापिस कर दूंगा।" उन्होंने कहा, "उस पर जिस तरह के आरोप हैं, उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए और उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए।"
तीन साल पहले BJP से जुड़े फोगाट से पूछा गया कि क्या उन्होंने सरकार से बात की है या पार्टी के स्तर पर मसला उठाया है, उन्होंने कहा, "ऐसी कोई बात नहीं हुई है।"
इससे पहले प्रदर्शनकारी पहलवानों ने भी पद्मश्री समेत अपने सभी मेडल और पुरस्कार लौटाने की धमकी दी है।
इस बीच हरियाणा में कई खाप पंचायतों ने भी प्रदर्शनकारी पहलवानों का समर्थन किया है। हिसार, भिवानी, जिंद और रोहतक में कई खाप ने पहलवानों के समर्थन में प्रदर्शन किए हैं। महावीर फोगाट पहलवान गीता और बबीता फोगाट के पिता और विनेश के चाचा हैं।
दिल्ली पुलिस दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी- खेल मंत्री
इससे पहले खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली में धरने पर बैठे पहलवानों की सारी मांगे मान ली गई हैं और उन्हें दिल्ली पुलिस को निष्पक्ष जांच पूरी करने देना चाहिए।
ठाकुर ने यहां पत्रकारों से कहा , "मैं प्रदर्शन कर रहे सभी खिलाड़ियों से अनुरोध करता हूं कि उनकी मांगे मान ली गई है। अदालत ने भी निर्देश दे दिये हैं और उन्हें निष्पक्ष जांच पूरी होने देना चाहिए।" उन्होंने कहा , "दिल्ली पुलिस दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"