Wrestlers Protest: साक्षी मलिक (Sakshi Malik), बजरंग पूनिया (Bajrang Punia) ने गुरुवार को प्रदर्शनकारी पहलवानों की आलोचना करने वालों को करारा जवाब दिया है। पहलवानों ने अपने प्रैक्टिस, परफॉर्मेंस और जीत के वीडियो पोस्ट किए हैं। साक्षी और पुनिया ने फोगाट बहनों पर बनीं बॉलीवुड फिल्म 'दंगल' का डायलॉग लिखा, "हमारा खून और पसीना देश की मिट्टी में है। ट्विटर पर नफरत फैलाने वालों के लिए हमारा संदेश है कि मेडल जीतने वाले पेड़ पर नहीं उगते।"
ये सभी पहलवान रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस और AAP समेत विपक्षी दलों के कई नेताओं ने जंतर-मंतर पर पहलवानों से मुलाकात भी की।
केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने गुरुवार को कहा कि बदनाम राजनेताओं के विरोध में शामिल होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने विश्वसनीयता खो दी। बुधवार देर रात धरना स्थल पर पहलवानों, उनके समर्थकों और पुलिस के बीच हाथापाई हो गई थी।
हाथापाई के बाद साक्षी मलिक के कैमरे पर रोने के वीडियो पर राजनेताओं की कड़ी प्रतिक्रियाएं आईं, जबकि दिल्ली पुलिस ने महिला पहलवानों के उन आरोपों का खंडन किया कि 'पुलिस वालों ने नशे की हालत में उनके साथ मारपीट की।'
दिल्ली पुलिस ने कहा कि हाथापाई इसलिए हुई, क्योंकि कुछ प्रदर्शनकारी और उनके समर्थक विरोध स्थल पर लकड़ी के फोल्डिंग ला रहे थे, जिसकी अनुमति नहीं थी।
इस बीच सक्षी मलिक की शादी की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। इसमें बृजभूषण सिंह उनके बगल में खड़े हैं। इस पर साक्षी ने कहा कि उनके पास उन्हें शादी में आमंत्रित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था, क्योंकि वह कुश्ती संघ के प्रमुख हैं।
बजरंग पुनिया ने गुरुवार को वीडियो मैसेज जारी कर कहा कि ये मुद्दा राजनीतिक नहीं है। उन्होंने कहा, "AAP के गोपाल राय आज आए। हम किसी भी पार्टी से जुड़े नहीं हैं। हर पार्टी का स्वागत है। कृपया आएं और हमें समर्थन दें और कोई राजनीतिक रंग न दें। अगर कोई महापंचायत होती है, तो हम सभी खाप प्रमुखों से भी बात करेंगे।"