FIFA World Cup 2022: कतर में फुटबॉल फैंस के लिए मजा बन न जाए सजा, इन बंदिशों के साथ देखने होगा मैच, नहीं तो खानी पड़ सकती है जेल की हवा
FIFA World Cup 2022: फीफा वर्ल्ड कप के दौरान अगर आप स्टेडियम में ऐसे करते हैं, तो आपको स्टेडियम से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा और आपके खिलाफ बाकी की कार्रवाई की जाएंगी
FIFA World Cup 2022: कतर में फुटबॉल फैंस के लिए मजा बन न जाए सजा (FILE PHOTO)
FIFA World Cup 2022: इस बार का फीफा वर्ल्ड कप (FIFA World Cup) शुरुआत से ही चर्चाओं में है। इसकी सबसे बड़ी वजह ये है कि फुटबॉल (Football) का महाकुंभ कहे जाने वाला ये टूर्नामेंट एक मध्य पूर्वी (Middle East) देश कतर (Qatar) में हो रहा है। हाल ही में हमने इस वर्ल्ड कप की तैयारियों और उसके पीछे के कुछ इंटरेस्टिंग फैक्ट्स आपको बताए थे, लेकिन आज हम बात करेंगे फुटबॉल फैंस को लेकर। क्योंकि इस बार के फीफा वर्ल्ड कप में फैंस पर अच्छी खासी पांबदियां लगाई गई हैं।
FIFA World Cup 2022: स्टेडियम में बियर नहीं पी सकते फैंस
फीफा वर्ल्ड कप की शुरुआत से ठीक पहले ही ये घोषणा कर दी गई थी कि फैंस और दर्शक स्टेडियम परिसर में बियर या अल्कोहल नहीं पिएंगे। इसके अलावा कुछ चुनिंदा जगह तय की गई हैं, जैसे स्टेडियम के बाहर स्पेशल वर्ल्ड कप गैदरिंग स्पेस, लाइसेंस वाले रेस्टोरेंट, बार और होटलों में ही ड्रिंक करने की अनुमति होगी।
हालांकि, VIP टिकट वाले लोग अपने एग्जीक्यूटिव बॉक्स में बैठकर मैच के दौरान बियर पी सकते हैं।
दरअसल कतर में पब्लिक प्लेस पर शराब या बियर पीना बैन है और ऐसा करने वाले के खिलाफ सख्त कर्रवाई होती है। ऐसे करते पकड़े जाने पर 6 महीने तक की जेल या 800 डॉलर, यानी करीब 65 हजार रुपए का जुर्माना लग सकता है। शराब की तस्करी करने पर 3 साल तक की जेल भी हो सकती है।
फीफा वर्ल्ड कप के दौरान अगर आप स्टेडियम में ऐसे करते हैं, तो आपको स्टेडियम से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा और बाकी कार्रवाई की जाएंगी।
इस प्रतिबंध से फुटबॉल के दिवानों में काफी नाराजगी भी है। इसका किस्सा आपको बताते हैं कि वर्ल्ड के उद्धघाटन मैच (Inaugration Match) के दौरान इक्वाडोर के फैंस ने स्टेडियम में 'We Want Beer' के नारे लगाने शुरू कर दिए। हालांकि, फैंस को बियर तो नहीं मिली, लेकिन उनकी इस हरकत का बिल इक्वाडोर की टीम पर फटा और FIFA ने टीम पर जुर्माना लगा दिया।
जिस तरह फैंस ने ये नारेबाजी की, इस तरह की नारेबाजी पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। FIFA की ऑफिशियल वेबसाइट पर साफ कहा गया कि स्टेडियम के भीतर कोई ऐसा नारा नहीं लगाया जाएगा, जिसका कोई रजनीतिक मतलब निकले या फिर वो कोई भड़काऊ नारा हो।
FIFA World Cup 2022: जोश में टीशर्ट न उतारें फैंस
अब बात करते हैं सबसे बड़ी पाबंदी की। आपने पिछले कई वर्ल्ड कप या फुटबॉल मैच में देखा होगा, जब फैंस स्टेडियम में अपनी टीम के जीतने पर इतने खुश हो जाते हैं कि वो अपनी टीशर्ट या शर्ट उतार कर जश्न मनाते हैं, लेकिन कतर में इस तरह के जश्न को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फीफा के आयोजकों ने जोर देते हुए कहा कि फैंस को मैच के दौरान कपड़े नहीं उतारने की सख्त सलाह दी जाती है।
FIFA की ऑफिशियल वेबसाइट पर कहा गया कि पुरुष और महिला दोनों का कंधा, सीना, पेट और घुटना ढका होना चाहिए। अगर आपने टाइट लेगिंग पहनी है, तो उसे ढकने के लिए आपको लॉन्ग टीशर्ट पहननी होगी या फिर कोई ऐसा दूसरा कपड़ा पहनना होगा, जो उसे कवर कर सके।
कतर में आज भी कई इलाकों में पब्लिक प्लेस पर ड्रेस कोड तय है। कतर के रूढ़िवादी ड्रेस कोड के चलते यहां पर फैंस का इस तरह से खुशी जाहिर कर पाना मुश्किल है।
FIFA World Cup 2022: अविवाहित कपल्स एक रूम में नहीं रह सकते
अगर आप अपनी गर्लफ्रेंड, बॉयफ्रेंड या फिर लिव-इन पार्टनर को लेकर वर्ल्ड कप देखने जा रहे हैं, तो आपको वहां रूम शेयर करने की अनुमति भी नहीं होगी यानी आप अपने पार्टनर के साथ एक रूम में नहीं रह सकते हैं।
इसके साथ ही समलैंगिक जोड़ो को भी कतर में होटल या रूम मिलना काफी मुश्किल है। ऐसा इसलिए क्योंकि कतर में समलैंगिकता एक अपराध है और ऐसे करते पाए जाने पर 7 साल तक की जेल हो सकती है। साथ ही पब्लिक प्लेस में भद्दे या अश्लील इशारे करने पर जुर्माना या 6 महीने की कैद हो सकती है।
फुटबॉल विश्व कप के आयोजकों ने फैंस को ये भी सलाह दी है कि वे मैच के दौरान किसी भी तरह का तेज आवाज वाला म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट लेकर नहीं जा सकते हैं। जैसा कि कई फैंस स्टेडियम बड़े-बड़े प्लास्टिक वाले होर्न लेकर जाते हैं, जिसे हम आम भाषा में भोंपू भी कहते हैं।
इन सब से अलग आप स्टेडियम बोतल, कैन और खाने-पीने का सामान लेकर नहीं जा सकते हैं। हालांकि, अगर आपके साथ नवजात बच्चे हैं या फिर आपकी कोई मेडिकल कंडिशन है, तो आपको इससे कुछ छूट दी जा सकती है।