India Vs Afghanistan T20I Series: अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और विराट कोहली (Virat Kohli) ने रविवार को करीब 14 महीने बाद भारतीय टीम में वापसी की। राष्ट्रीय पुरुष चयन समिति ने 11 जनवरी से मोहाली में शुरू होने वाली सीरीज के लिए रोहित की अगुवाई में 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की। रोहित और कोहली ने इस फॉर्मेट में भारत के लिए अपना पिछला मैच नवंबर 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल में खेला था। इन दोनों अनुभवी खिलाड़ियों के अलावा लोकेश राहुल को पावरप्ले में धीमी बल्लेबाजी करते देखा गया था।
उस विश्व कप के बाद हार्दिक पंड्या को टी20 टीम का नया कप्तान बनाया गया था। वनडे विश्व कप में पंड्या की खुद की चोट और हाल ही में सूर्यकुमार यादव की मांसपेशियों में गंभीर समस्या के कारण शीर्ष क्रम में काफी अनुभवहीनता आ गई है। अब रोहित की टी20 विश्व कप में भारत का नेतृत्व करने की संभावना काफी बढ़ गई है। साथ ही वैश्विक प्रतियोगतिता में हार्दिक की कप्तानी की महत्वाकांक्षाओं के लिए एक बड़ा झटका है।
टी20 टीम में विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन और जितेश शर्मा भी शामिल हैं। जबकि इशान किशन की अनदेखी की गई है। BCCI के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, "इशान इस बात से खुश नहीं था कि उसे टीम में ज्यादा मौके नहीं मिल रहे है। वह लगतार टीम के साथ यात्रा कर रहा था। वह अभी ब्रेक पर है और छुट्टियां मना रहा है।" सूत्र ने कहा, "यह दिलचस्प होगा अगर उन्हें इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के लिए चुना जाता है जहां कोना भरत के विकेट के पीछे रहने की संभावना अधिक होगी।"
टेस्ट टीम के नियमित सदस्य जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा को विश्राम दिया गया है और रुतुराज गायकवाड़ खेलने के लिए अभी फिट नहीं हैं। हार्दिक की अनुपस्थिति में ऑलराउंडर शिवम दुबे को भी टीम में रखा गया है। टी20 विश्व कप का आयोजन IPL के ठीक बाद होगा। अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की यह सीरीज विश्व कप से पहले भारतीय टीम की आखिरी श्रृंखला होगी।
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ का मानना है कि रोहित और कोहली जैसे खिलाड़ियों को किसी भी टीम से बाहर करना बेहद कठिन है। भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ 11 जनवरी को मोहाली में पहला मैच खेलेगी। जबकि सीरीज का दूसरा और तीसरा मैच क्रमश: इंदौर और बेंगलुरु में खेला जाएगा।
टीम इस प्रकार है:- रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, आवेश खान, मुकेश कुमार।