IND vs BAN 1st Test: चेन्नई टेस्ट में भारत की धमाकेदार जीत, अश्विन के 6 विकेट से बांग्लादेश को 280 रन से हराया

IND vs BAN 1st Test: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए वह मजबूत गेंदबाजी विकल्पों के आस पास अपनी टीम को तैयार करने पर ध्यान दे रहे हैं। भारत ने रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा के हरफनमौला खेल के साथ शुभमन गिल और ऋषभ पंत की शतकीय पारियों के दम पर पांच सत्र रहते बड़ी जीत दर्ज की

अपडेटेड Sep 22, 2024 पर 2:16 PM
Story continues below Advertisement
IND vs BAN 1st Test: अश्विन ने सिर्फ 88 रन देकर 6 बांग्लादेशी बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया

India vs Bangladesh 1st Test: भारत ने दो मैचों की सीरीज के शुरुआती टेस्ट मैच के चौथे दिन रविवार (22 सितंबर) को चेन्नई में बांग्लादेश को 280 रन से शिकस्त देकर 1-0 की बढ़त बना ली। पहली पारी के शतकवीर रविचंद्रन अश्विन ने दूसरी पारी में गेंद से अपने चिर-परिचित अंदाज में छह विकेट झटक कर मुकाबले के चौथे दिन ही बांग्लादेश पर भारत की 280 रन से बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई। बांग्लादेश के खिलाफ अपने शानदार रिकॉर्ड को जारी रखते हुए भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त बना ली है।

बांग्लादेश की टीम दिन की शुरुआत चार विकेट पर 158 रन से आगे से करते हुए 234 रन पर ऑल आउट हो गई। अश्विन ने 88 रन देकर छह विकेट लिये। उन्हें रविंद्र जडेजा का शानदार साथ मिला जिन्होंने 58 रन देकर तीन विकेट चटाए। कप्तान नजमुल हसन शंटो ने बांग्लादेश के लिए 127 गेंद में आठ चौके और तीन छक्के की मदद से 82 रन की शानदार पारी खेली। लेकिन उन्हें छोर से किसी बल्लेबाज का अच्छा साथ नहीं मिला।

बीते दिन के नाबाद बल्लेबाज शंटो और अनुभवी शाकिब अल हसन (25) ने हालांकि बांग्लादेश के लिए दिन की अच्छी शुरुआती की थी। दोनों ने खेल के शुरुआती घंटे में भारतीय गेंदबाजों को सफलता से दूर रखा। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने इस दौरान अपनी गति और लाइन-लेंथ से प्रभावित किया लेकिन उन्हें किसमत का साथ नहीं मिला। गेंद कई बार बल्ले के बेहद करीब से निकली तो कई बार बल्ले का किनारा लेते हुए। बल्ले का किनारा लेने के बाद गेंद क्षेत्ररक्षक के हाथों में पहुंचने से पहले ही टप्पा खा गयी।


शाकिब ने सिराज के खिलाफ पुल शॉट पर शानदार चौका लगाया। उन्हें जडेजा की गेंद पर जीवनदान भी मिल जब ऋषभ पंत ने स्टंप करने का मौका गंवा दिया। पहले घंटे के खेल के बाद ड्रिंक्स के समय बांग्लादेश का स्कोर चार विकेट पर 194 रन था। पिच से गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिल रही थी लेकिन अश्विन ने अपने कौशल का शानदार इस्तेमाल कर बायें हाथ के बल्लेबाज शाकिब को काफी परेशान किया और फिर बैकवर्ड शॉट लेग पर यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराकर उनकी पारी का अंत किया।

शाकिब ने पांचवें विकेट के लिए शंटो के साथ 48 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी के टूटने के बाद भारतीय गेंदबाजों को ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। जडेजा ने विकेटकीपर लिटन दास (01) को जल्दी ही चलता कर दिया।

अश्विन का होमटाउन में कहर

अश्विन ने इसके बाद मेहदी हसन मिराज (08) को पवेलियन की राह दिखा कर टेस्ट में 37वीं बार पारी में पांच विकेट झटक कर महान शेन वॉर्न के रिकॉर्ड की बराबरी की। उन्होंने इस दौरान न्यूजीलैंड के दिग्गज रिचर्ड हेडली के 36 बार पांच विकेट लेने के रिकॉर्ड को पीछे छोडा। टेस्ट मैच में यह चौथी बार है जब इस अनुभवी हरफनमौला ने शतक लगाने के साथ पारी में पांच विकेट चटकाए हैं।

ये भी पढ़ें- IND vs BAN Test: चेन्नई टेस्ट में जसप्रीत बुमराह ने बरपाया कहर, 400 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेकर रचा इतिहास

जडेजा ने इसके बाद शंटो को आउट कर बांग्लादेश के संघर्ष करने की उम्मीदों को खत्म कर दिया। एक छोर से लगातार विकेट गिरने के बीच बांग्लादेश के कप्तान ने तेजी से रन बनाने की रणनीति बनायी लेकिन जडेजा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में जसप्रीत बुमराह द्वारा लपके गए। जानकारी के लिए बता दें कि सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 27 सितंबर से कानपुर में खेला जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।