भारत ने पहली बार थॉमस कप जीतकर बनाया इतिहास, 14 बार के चैंपियन इंडोनेशिया को फाइनल में दी मात

भारत ने रविवार को बैडमिंटन के सबसे प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में से एक थॉमस कप (Thomas Cup 2022) को जीतकर इतिहास रच दिया

अपडेटेड May 15, 2022 पर 4:00 PM
थॉमस कप 2022 को जीतने के बाद भारतीय बैडमिंटन टीम

भारत ने रविवार को बैडमिंटन (Badminton) के सबसे प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में से एक थॉमस कप (Thomas Cup 2022) को जीतकर इतिहास रच दिया। भारत ने तीन सीधे मैच, दो मेंस सिंगल्स और एक मेंस डबल्स मैच जीतकर यह खिताब हासिल किया है। इस जीत के साथ भारत यह कप जीतने वाला छठा देश बन गया है।

भारत के किदांबी श्रीकांत (Kidambi Srikant) ने बैंकाक में आयोजित थॉमस कप के फाइनल में इंडोनेशिया के लियोनार्डस जोनाथन क्रिस्टी को 21-15, 23-21 से हराया। इससे पहले दिन में, मेंस डबल्स मैच के दौरान भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने इंडोनेशिया के मोहम्मद अहसान और केविन संजय सुकामुल्जो 18-21, 23-21, 21-19 से हराकर अपने करियर की सबसे सनसनीखेज जीत हासिल की। इसके साथ ही इंडोनेशिया के खिलाफ भारत की बढ़त 3-0 हो गई है।

डबल्स से पहले, मेंस सिंगल्स में भारत के लक्ष्य सेन ने इंडोनेशिया के एंथनी गिनटिंग को एक रोमांचक मुकाबले में 8-21, 21-17, 21-16 से हराया।


यह भी पढ़ें- शेयर बाजार में अगले हफ्ते कर रहे ट्रेडिंग की तैयारी? LIC की लिस्टिंग सहित इन 10 फैक्टर्स पर रखें नजर

इंडोनेशिया को मिली टूर्नामेंट में पहली हार

इंडोनेशिया की टीम की टूर्नामेंट में यह पहली और कभी ना भूलने वाली हार है। इससे पहले के सारे मुकाबले में उसने जीत हासिल की थी, जबकि भारत को एकमात्र शिकस्त का सामना ग्रुप चरण में चीनी ताइपे के खिलाफ करना पड़ा था। इंडोनेशिया ने नॉकआउट चरण में जून और जापान को हराया, तो भारत ने पांच बार के पूर्व चैंपियन मलेशिया और 2016 के विजेता डेनमार्क को शिकस्त दी थी।

PM मोदी ने बधाई

थॉमस कप में भारत की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ट्विटर के जरिए पूरी टीम को बधाई दी। PM मोदी ने लिखा, "भारतीय बैडमिंटन टीम ने रचा इतिहास! भारत के थॉमस कप जीतने से पूरा देश उत्साहित है! हमारी कुशल टीम को बधाई और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं। यह जीत कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।