ज्योतिषी चुन रहा था इंडियन फुटबॉल टीम! कोच इगोर स्टिमक लेते थे हर मैच से पहले सलाह
9 जून, 2022 को, महत्वपूर्ण एशियाई कप क्वालीफायर में अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के मैच से 48 घंटे पहले, स्टिमक ने ज्योतिषी को खिलाड़ियों की एक लिस्ट भेजी थी। ताकि वह ये बता सके कि किस प्लेयर को टीम में खिलाया जाना चाहिए। खराब फॉर्म और चोटिल खिलाड़ियों से जूझ रही भारतीय टीम को इस प्रतियोगिता में बने रहने के लिए ये मैच जीतना बेहद जरूरी था
MoneyControl News
अपडेटेड Sep 13, 2023 पर 2:38 PM
कोच इगोर स्टिमक लेते थे हर मैच से पहले ज्योतिषी की सलाह
एशियन कप प्रीलिम्स (Asian Cup Prelims) के दौरान एक ज्योतिषी (Astrologer) की सिफारिश पर भारतीय फुटबॉल टीम (Indian Football Team) को चुना गया.... ये एक बेहद ही चौंकाने वाली खबर है। अंग्रेजी अखबार Indian Express की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय फुटबॉल कोच इगोर स्टिमक (Igor Stimac) ने एशियन कप प्रीलिम्स के दौरान एक ज्योतिषी को खिलाड़ियों की डिटेल दी और उसकी सिफारिश पर टीम चुनी गई। दिल्ली-NCR के ज्योतिषी भूपेश शर्मा (Bhupesh Sharma) को ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) के एक शीर्ष अधिकारी ने पूर्व क्रोएशियाई नागरिक से मिलवाया था।
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, 9 जून, 2022 को, महत्वपूर्ण एशियाई कप क्वालीफायर में अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के मैच से 48 घंटे पहले, स्टिमक ने ज्योतिषी को खिलाड़ियों की एक लिस्ट भेजी थी। ताकि वह ये बता सके कि किस प्लेयर को टीम में खिलाया जाना चाहिए। खराब फॉर्म और चोटिल खिलाड़ियों से जूझ रही भारतीय टीम को इस प्रतियोगिता में बने रहने के लिए ये मैच जीतना बेहद जरूरी था।
मैसेज भेजने के करीब एक घंटे बाद ज्योतिषी का कोच रिप्लाई आया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर हर एक खिलाड़ी के नाम के आगे अपना सुझाव लिखा था। इसमें उन्होंने कुछ इस तरह से लिखा, "अच्छा है, अच्छा कर सकता है, अति-आत्मविश्वास को छोड़ना होगा, औसत से नीचे है, आज का दिन इसके लिए अच्छा है, लेकिन थोड़ा आक्रामक हो सकता है, आज के लिए ठीक नहीं है।"
11 जून को भारत की शुरुआत से एक घंटे पहले, दो नाम जिनके सितारे ज्योतिषी के अनुसार उनके पक्ष में नहीं थे, उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। कोच और ज्योतिषी के बीच ये कोई पहली या आखिरी बातचीत नहीं थी।
रिपोर्ट के अनुसार, मई-जून 2022 में स्टिमक और शर्मा के बीच लगभग 100 मैसेज का आदान-प्रदान हुआ। इस दौरान, भारत ने चार मैच खेले - जॉर्डन के खिलाफ एक दोस्ताना मैच और फिर कंबोडिया, हांगकांग और अफगानिस्तान के खिलाफ तीन एशियाई कप क्वालीफायर।
हर एक खेल से पहले, मैसेज के जरिए स्टिमक ने ज्योतिषी से बातचीत की। ये सब टीम सिलेक्शन प्रोसेस की अखंडता पर एक बड़ा सवालिया निशान लगाता है और टीम की महत्वपूर्ण जानकारी को किसी 'बाहरी व्यक्ति' के साथ शेयर किए जाने का एक गंभीर मुद्दे भी है, जिसके दुरुपयोग होने का खतरा पैदा होता है।
हर एक मैच की टीम फाइनल करने से पहले ज्योतिषी की सलाह ली
इतना ही नहीं स्टिमक ने हर एक मैच के लिए टीम फाइनल करने से पहले ज्योतिषी की सलाह ली है, जिसके लिए उन्होंने जोटिल खिलाड़ी और टीम की दूसरी रणनीति उनके साथ शेयर की।
अखबार के मुताबिक, एक बातचीत में कोच ने लिखा, "हैलो प्रिय भूपेश, आपसे मिलकर और भविष्य के कामों पर चर्चा करके खुशी हुई! मैं आपसे निम्नलिखित खिलाड़ियों पर राय देने के लिए निवेदन करता हूं।" उन्होंने चार खिलाड़ियों की जन्म की तारीख, समय और जन्म स्थान की जानकारी ज्योतिषी को भेजी, जिनमें से तीन 2017 फीफा अंडर-17 विश्व कप में भारत के लिए खेले थे।"
स्टिमक ने जॉर्डन के साथ फ्रेंडली मैच से पहले भी 24 टीम मेंबर से जुड़ी जानकारियां ज्योतिषी को भेजी थीं। इसमें उन्होंने दो खिलाड़ियों की फिटनेस डिटेल भी भेजी थी और अपनी चिंता भी जताई थी।
एक और बातचीत में, ज्योतिषी ने कोच से कहा कि ये एक अटैकिंग मिडफील्डर के लिए "आदर्श दिन या फेज" नहीं था, जिसके बाद स्टिमक ने ज्योतिषी से खिलाड़ी के सितारों की तुलना उसके तीन अटैकर्स के साथ करने का अनुरोध किया। शर्मा के जवाब ने खिलाड़ी को वरीयता क्रम में तीसरा नंबर दिया। इस फुटबॉलर ने जॉर्डन के खिलाफ नहीं खेला था, केवल सेकंड हाफ में एक सब्स्टीट्यूट के तौर पर आया था।
इतना ही नहीं जॉर्डन से हारने के बाद कोच ने हर एक खिलाड़ी के प्रदर्शन पर भी ज्योतिषी से चर्चा की थी। दोनों ने कोलकाता में क्वालीफायर के दौरान हर एक खेल से "दो दिन पहले" मिलने और चर्चा करने का फैसला किया था।
इसी तरह कंबोडिया के साथ मैच से पहले स्टिमक ने फिर से खिलाड़ियों की लिस्ट शेयर की और तीन प्लेयर्स के जोटिल होने पर अपनी चिंता भी जताई।
अफगानिस्तान के साथ दूसरे गेम के बाद, शर्मा ने स्टिमक को मैसेज भेजकर पूछा, "जब आप फ्री हों तो मुझे बताएं कि चार्ट के अनुसार हम इस मैच के खिलाड़ी विश्लेषण में कितने करीब थे।" कोच ने जवाब दिया, "सब कुछ ठीक था, जब हम मिलेंगे, तो मैं तुम्हें समझाऊंगा।"
वे हांगकांग मैच के लिए प्लेयिंग 11 पर चर्चा करने के लिए अगले दोपहर मिले, जिसे भारत ने जीता और एशियाई कप के लिए क्वालीफाई किया।
AIFF के तत्कालीन अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने अखबार को बताया कि उन्हें स्टिमक और ज्योतिषी के बीच बातचीत के बारे में "न तो पता था और न ही बताया गया"।
AIFF के तत्कालीन सचिव कुशल दास ने मई 2022 में स्टिमक को शर्मा से मिलवाने की बात स्वीकार की। दास ने बताया, "मैं उनसे एक मीटिंग में मिला था। उन्होंने (शर्मा) कई टेलीकॉम कंपनियों और बॉलीवुड हस्तियों के लिए काम किया था। उन्होंने सिर्फ सुझाव दिए, जो ज्योतिषीय समय और खिलाड़ियों का वर्तमान फेज लोगों को सही निर्णय लेने में मदद कर सकता है।"
ये बड़ा खुलासा ऐसे समय में हुआ है, जब भारतीय फुटबॉल टीम दुनिया भर में टॉप 100 टीमों में शामिल हो रही है। स्टिमक अगले हफ्ते शुरू होने वाले एशियाई खेलों समेत महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अप्वाइंटमेंट्स के लिए नेशनल टीम के खिलाड़ियों को रिलीज करने को लेकर इंडियन सुपर लीग (ISL) क्लबों के साथ विवाद में उलझे हुए हैं।