PV Sindhu Engagement: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने अपने नए जीवन के सफर की शुरुआत कर दी है। शनिवार, 14 दिसंबर को सिंधू ने वेंकट दत्ता साई के साथ सगाई की। यह सगाई एक निजी समारोह में हुई, जिसमें केवल करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य शामिल हुए। बता दें कि वेंकट दत्ता हैदराबाद के रहने वाले और पोसाइडेक्स टेक्नोलॉजीस के कार्यकारी निदेशक हैं।
पीवी सिंधू उदयपुर में करेंगी शादी
शनिवार 14 दिसंबर को पीवी सिंधु ने वेंकट दत्ता साई के साथ अपनी सगाई की पहली तस्वीर शेयर की। पीवी सिंधु और वेंकट दत्त 22 दिसंबर को उदयपुर में शादी के बंधन में बंधेंगे। मालूम हो कि लखनऊ में हाल ही में सैयद मोदी इंटरनेशनल जीतकर सिंधू ने शानदार कमबैक किया था। इस जीत के साथ उन्होंने लंबे समय से चल रहे खिताब के सूखे को समाप्त किया।
सिंधु के पिता पीवी रमना ने इस महीने की शुरुआत में न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया था कि, "दोनों परिवार एक दूसरे को पहले से जानते थे लेकिन एक महीने पहले ही सब कुछ तय हुआ था। जनवरी से सिंधु का शेड्यूल बहुत व्यस्त होने वाला है, इसलिए यह एकमात्र संभावित समय था। इसलिए दोनों परिवारों ने 22 दिसंबर को शादी समारोह करने का फैसला किया। रिसेप्शन 24 दिसंबर को हैदराबाद में होगा। वह जल्द ही अपनी ट्रेनिंग शुरू कर देगी क्योंकि अगला सीजन सिंधु के लिए काफी महत्वपूर्ण होने वाला है।"
पीवी सिंधु ने पीएम मोदी को भी भेजा है शादी का निमंत्रण
पीवी सिंधु ने कई जानी-मानी हस्तियों को अपनी शादी में आने का निमंत्रण भेजा है। इसमें क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह शामिल हैं। बता दें कि रियो 2016 और टोक्यो 2020 में उन्होंने लगातार ओलंपिक पदक जीते और 2017 में वह विश्व रैंकिंग में नंबर दो पर आ गईं। सिंधू की सगाई की खबर ने उनके फैंस और खेल जगत में नई खुशी की लहर दौड़ा दी है।