PT Usha: देश में उड़नपरी के नाम से मशहूर पीटी उषा (PT Usha) का भारतीय ओलिंपिक संघ (Indian Olympic Association – IOA) का अध्यक्ष बनना लगभग तय हो गया है। भारतीय ओलिंपिक संघ का चुनाव 10 दिसंबर को होना है। इस चुनाव में पीटी उषा अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार हैं। वो भारतीय ओलिंपिक संघ की पहली महिला अध्यक्ष होंगी। रविवार को नामांकन का आखिरी दिन था। पीटी उषा के अलावा किसी ने दावेदारी पेश नहीं की है। बता दें, अध्यक्ष पद के अलावा उपाध्यक्ष (महिला), संयुक्त सचिव (महिला) पदों पर भी चुनाव होना है। कार्यकारिणी परिषद के चार सदस्यों के लिए 12 प्रत्याशी मैदान में हैं।
IOA चुनाव रिटर्निंग ऑफिसर उमेश सिन्हा ने बताया कि शुक्रवार या शनिवार को कोई नामांकन नहीं आया। ऐसे में रविवार को कई पदों के लिए 24 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।
इन पदों के लिए होंगे चुनाव
IOA में एक अध्यक्ष, एक वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष (एक पुरुष और एक महिला), एक कोषाध्यक्ष, दो संयुक्त सचिव (एक पुरुष और एक महिला), छह अन्य कार्यकारी परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए होंगे। जिनमें से दो (एक पुरुष और एक महिला) निर्वाचित ‘एसओएम’ से होंगे। कार्यकारी परिषद के दो सदस्य (एक पुरुष और एक महिला) एथलीट आयोग के प्रतिनिधि होंगे। 58 साल की पीटी उषा कई एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) विजेता रही हैं।
उषा 1984 के ओलंपिक 400 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में चौथे स्थान पर रहीं थी। उन्होंने अपने करियर में एशियन गेम्स में 11 और एशियन चैंपियनशिप में 23 मेडल जीते हैं। इनमें 18 गोल्ड मेडल शामिल हैं। पीटी उषा ने एशियन गेम्स में 4 गोल्ड मेडल और एशियन चैंपियनशिप में 14 गोल्ड मेडल जीते हैं।
उषा का जीवन खेल को समर्पित
ट्रैक से संन्यास लेने के बाद पीटी उषा ने अपना जीवन खेल को समर्पित कर दिया। मौजूदा समय में उषा भारतीय प्रतिभा संघ की समिति प्रमुख हैं। यह समिति पूरे भारत के स्कूलों में राष्ट्रीय स्तर की भारतीय प्रतिभा ओलंपियाड परीक्षा आयोजित करती है। केरल की रहने वालीं पीटी उषा ने कोझिकोड के प्रोविडेंस वीमेंस कॉलेज से पढ़ाई की है। 1991 में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के इंस्पेक्टर वी. श्रीनिवासन से उनकी शादी हुई। दोनों का एक बेटा है।