National Sports Awards 2024 Winners List: ओलिंपिक में डबल मेडल जीतने वालीं युवा शूटर मनु भाकर, शतरंज वर्ल्ड चैम्पियन डी. गुकेश, पुरूष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरा एथलीट प्रवीण कुमार को इस साल देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है। 22 साल की मनु एक ही ओलिंपिक में दो मेडल जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली खिलाड़ी बनीं। उन्होंने अगस्त में पेरिस ओलिंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत और मिक्स्ड टीम इंवेंट में कांस्य पदक जीता था। पेरिस ओलंपिक में ही हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारत ने लगातार दूसरे ओलिंपिक में मेडल जीता। विजेताओं को 17 जनवरी 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन में एक विशेष कार्यक्रम में पुरस्कार प्रदान करेंगी।