सचिन तेंदुलकर के बाद BCCI ने धोनी की जर्सी नंबर- 7 को भी किया रिटायर, अब कोई दूसरा क्रिकेटर नहीं पहनेगा

ICC नियमों के मुताबिक, खिलाड़ियों को 1 से 100 के बीच एक नंबर चुनने की अनुमति है, लेकिन भारत में सीमित विकल्प हैं। इस साल की शुरुआत में यशस्वी जयसवाल भारत में पदार्पण करते समय 19वें नंबर पर रहने के इच्छुक थे। लेकिन यह पहले ही अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने ले लिया था, इसलिए युवा खिलाड़ी को 64वें नंबर से संतोष करना पड़ा

अपडेटेड Dec 15, 2023 पर 3:11 PM
BCCI ने बताया कि धोनी ने अपने पूरे करियर में जो नंबर अपनी टीशर्ट पर पहना था, उसे अब रिटायर करने का फैसला किया है

MS Dhoni No. 7 jersey Retired: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) की प्रतिष्ठित नंबर 7 वाली जर्सी अब किसी अन्य भारतीय खिलाड़ी के लिए उपलब्ध नहीं होगी। धोनी के इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट के करीब 3 साल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने यह फैसला किया है। इंड‍ियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI ने बताया कि धोनी ने अपने पूरे करियर में जो नंबर अपनी टीशर्ट पर पहना था, उसे अब रिटायर करने का फैसला किया गया है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने 2004 में पदार्पण करने के बाद से भारतीय क्रिकेट में धोनी के योगदान को देखते हुए यह कदम उठाया है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्यों, विशेषकर नए खिलाड़ियों को बता दिया गया है कि उनकी जर्सी पर 7 नंबर रखने का विकल्प अब उपलब्ध नहीं है।

इस तरह का सम्मान पाने वाले एकमात्र अन्य क्रिकेटर भारत रत्न सचिन तेंदुलकर हैं। साल 2017 में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सच‍िन की सिग्नेचर नंबर 10 जर्सी को भी हमेशा के लिए र‍िटायर कर दिया गया था। हालांकि, अभी तक बीसीसीआई की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


BCCI के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है, "युवा खिलाड़ियों और वर्तमान भारतीय टीम के खिलाड़ियों को एमएस धोनी की नंबर 7 जर्सी नहीं चुनने के लिए कहा गया है। बीसीसीआई ने खेल में उनके योगदान के लिए धोनी की टी-शर्ट को रिटायर करने का फैसला किया है। अब नए खिलाड़ी को नंबर 7 नहीं मिल सकता और नंबर 10 (सचिन की जर्सी) पहले से ही उपलब्ध नंबरों की लिस्ट से बाहर है।"

धोनी की जर्सी को रिटायर किए जाने पर BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, "BCCI का यह फैसला राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एमएस धोनी के योगदान को ध्यान में रखते हुए लिया गया है और यह उनके लिए सम्मान की तरह है। जर्सी नंबर 7 एमएस धोनी की पहचान थी और उस ब्रांड को कमजोर होने से बचाने के लिए BCCI द्वारा उठाया गया यह कदम काबिले तारीफ है।"

क्या है ICC के नियम?

ICC नियमों के मुताबिक, खिलाड़ियों को 1 से 100 के बीच एक नंबर चुनने की अनुमति है, लेकिन भारत में सीमित विकल्प हैं। इस साल की शुरुआत में यशस्वी जयसवाल भारत में पदार्पण करते समय 19वें नंबर पर रहने के इच्छुक थे। लेकिन यह पहले ही अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने ले लिया था, इसलिए युवा खिलाड़ी को 64वें नंबर से संतोष करना पड़ा।

2017 में मुंबई के तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर को 10 नंबर की जर्सी पहनने को लेकर फैंस की आलोचना का सामना करना पड़ा था। नेटिजन्स ने उन्हें यह कहते हुए ट्रोल किया, "सचिन बनने की कोशिश कर रहे हैं"। बाद में BCCI को हस्तक्षेप करना पड़ा और ठाकुर को 54 नंबर की जर्सी दी गई।

ये भी पढ़ें- संसद में सुरक्षा चूक पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष का जबरदस्त हंगामा, लोकसभा और राज्यसभा स्थगित

अन्य लोकप्रिय टी-शर्ट नंबर 18 और 45 हैं, जो क्रमशः विराट कोहली और रोहित शर्मा पहनते हैं। यह कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी अगर भविष्य में सुपरस्टार्स द्वारा संन्यास लेने के बाद इन जर्सियों को भी रिटायर कर दिया जाए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।