पश्चिम बंगाल के हावड़ा में आज नेशनल लेवल की शूटर कोनिका लयाक ने आत्महत्या कर ली। 26 साल की खिलाड़ी बल्ली में अपने हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटकी मिली थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक हाथ से लिखे नोट में लिखा कि खिलाड़ी ने प्रदर्शन से जुड़े मुद्दों पर यह चरम कदम उठाया और अपने माता-पिता से माफी मांगी। सुसाइड नोट पर कथित तौर पर शूटर ने हस्ताक्षर किए थे।
पुलिस ने कथित तौर पर राइटिंग एक्सपर्ट के लिए नोट भेजा है, ताकि यह पुष्टि हो सके कि यह नोट खिलाड़ी ने ही लिखा था। लयाक के माता-पिता को आत्महत्या के बारे में बता दिया गया है और उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
शूटर, मूल रूप से झारखंड से थीं और कोलकाता में ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता जयदीप कर्माकर के तहत ट्रेनिंग ले रही थीं। इस खबर से सदमे में आए कर्माकर ने द ट्रिब्यून को बताया कि पिछले 10 दिनों से लयाक ने ट्रेनिंग सेशन में अनियमितता बरती।
उसी रिपोर्ट में, उन्होंने कहा कि जीवी मालवंकर चैंपियनशिप में टारगेट में हेरफेर के गंभीर आरोप में अयोग्य ठहराए जाने के बाद निशानेबाज इस बार नेशनल के लिए क्वालीफाई करने में विफल रहीं।
कर्माकर ने कहा, "यह हम सभी के लिए चौंकाने वाली खबर है। वह प्रैक्टिस में ठीक कर रही थी, लेकिन हाल ही में वह किसी न किसी कारण से अपने सेशन को बहुत मिस कर रही थी। उसकी जल्द ही शादी होने वाली थी। मैं वास्तव में नहीं जानता कि क्या हुआ या उसे यह कदम उठाने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ा। इस खबर से हमारा दिल टूट गया है।"
लयाक कथित तौर पर उधार राइफलों का इस्तेमाल करके ट्रेनिंग ले रही थीं। इसी कारण से वे टूर्नामेंट से चूक गई थीं, क्योंकि उनके पास अपनी राइफल नहीं थी।
कोनिका की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह खुद की राइफल खरीद सकें। उनके पास खुद की राइफल न होने की वजह से वह दोस्तों से उधार मांगकर टूर्नामेंट खेलने जाती थीं। उन्होंने राइफल को लेकर अभिनेता सोनू सूद को एक ट्वीट किया था, जिसके बाद सोनू सूद ने कोनिका लायक के लिए 2.5 लाख रुपए की जर्मन राइफल भेजी थी।
चार महीने में ये किसी शूटर की यह चौथी आत्महत्या है। इससे पहले 17 साल की खुशसीरत कौर संधू की पिछले हफ्ते ही मौत हो गई, हुनरदीप सिंह सोहल की अक्टूबर में मौत हो गई और नमनवीर सिंह बराड़ की सितंबर में मौत हुई थी।