Sania Mirza: भारत की स्टार महिला टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा (Sania Mirza) ने एक बड़ा ऐलान किया है। उनके फैंस को निराशा हाथ लग सकती है। दरअसल, सानिया ने अपने प्रोफेशनल टेनिस करियर से संन्यास का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलियन ओपन खेलने पहुंचीं सानिया ने कहा है कि इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन और दुबई टेनिस चैंपियनशिप के बाद वह टेनिस को अलविदा कह देंगी। यानी अगले कुछ महीनों में वह आखिरी बार कोर्ट पर दिखेंगी। इस दुबई टेनिस चैम्पियनशिप का आगाज 19 फरवरी को होगा। यह एक WTA 1000 इवेंट होगा।
सानिया मिर्जा ने पाकिस्तान के क्रिकेटर शोएब मलिक (Shoaib Malik) से शादी की थी। लेकिन अभी दोनों का रिश्ता ठीक नहीं चल रहा है। बीच-बीच में तलाक की खबरें आ रही हैं। बता दें कि सानिया ने 2022 के अंत में ही संन्यास लेने का ऐलान किया था। लेकिन चोट के चलते वे साल के अंतिम 6 महीने में किसी तरह के टूर्नामेंट में नहीं उतर सकीं।
ऑस्ट्रेलियन ओपन के रूप में आखिरी ग्रैंडस्लैम खेलेंगी सानिया
36 साल की सानिया मिर्जा डबल्स में वर्ल्ड नंबर-1 भी रह चुकी हैं। इस महीने कजाकिस्तान की एना डेनिलिना के साथ ऑस्ट्रेलियन ओपन में महिला डबल्स में खेलेंगी। यह किसी भी ग्रैंड स्लैम में उनकी आखिरी मौजूदगी होगी। कोहनी (राइट एल्बो) की चोट के कारण पिछले साल यूएस ओपन में वह नहीं खेल पाई थीं। अन्य फिटनेस समस्याओं ने भी उन्हें हाल के दिनों में परेशान किया है। सानिया ने कहा- ईमानदारी से कहूं तो मैं जो इंसान हूं, मुझे अपनी शर्तों पर काम करना पसंद है। इसलिए मैं चोट के कारण बाहर नहीं होना चाहती। इसलिए मैं ट्रेनिंग ले रही हूं। यही वजह भी है कि दुबई टेनिस चैम्पियनशिप के बाद मेरा रिटायर होने का प्लान है।
जानिए सानिया का अगला प्लान
सानिया मिर्जा ने कहा कि वे अपने खेल के अनुभव को शेयर करना चाहती हैं। वो दुबई में करीब 10 साल से रह रही हैं। ऐसे में संन्यास के बाद वो हैदराबाद के अलावा यहां भी एकेडमी चलाएंगी। सानिया ने डबल्स में नंबर-1 रैंकिंग हासिल करने के अलावा 6 ग्रैंड स्लैम टाइटल भी जीत चुकी हैं। सिंगल्स कैटेगरी में उनकी बेस्ट रैंकिंग 27 रही है, 2005 में तब वे यूएस ओपन के चौथे राउंड में पहुंचने में सफल रही थीं।