अमीरों के लिए बुरा साल रहा 2022, Elon Musk सहित इन 5 अरबपतियों ने खो दी अपनी आधी संपत्ति

दुनिया के 500 सबसे अमीर लोगों की संपत्ति 2022 में करीब 1.4 लाख करोड़ डॉलर घट गई। जिन लोगों की संपत्ति डूबी है, उनमें सबसे ऊपर नाम एलॉन मस्क का है। मस्क दुनिया के अबतक के पहले ऐसे इंसान बन गए हैं, जिनकी संपत्ति में करीब 200 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई है

अपडेटेड Jan 06, 2023 पर 7:27 PM
Story continues below Advertisement
साल 2022 दुनिया के शीर्ष अमीरों के लिए एक बुरा साल रहा

ग्लोबल इकोनॉमी में भारी उथल-पुथल के चलते साल 2022 दुनिया के शीर्ष अमीरों के लिए एक बुरा साल रहा। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के 500 सबसे अमीर लोगों की संपत्ति 2022 में करीब 1.4 लाख करोड़ डॉलर घट गई। जिन लोगों की संपत्ति डूबी है, उनमें सबसे ऊपर नाम एलॉन मस्क का है। मस्क दुनिया के अबतक के पहले ऐसे इंसान बन गए हैं, जिनकी संपत्ति में करीब 200 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई है। टेस्ला और ट्विटर जैसी कंपनियों के मालिक एलॉन मस्क इससे पहले जनवरी 2021 में 200 अरब डॉलर से अधिक की संपत्ति बनाने वाले दुनिया के दूसरे व्यक्ति बने थे। मस्क के अलावा और भी कई बड़े अरबपतियों ने साल 2022 में अपनी संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा गवांया है। आइए जानते हैं दुनिया के किन शीर्ष 5 अरबपतियों ने 2022 में अपनी सबसे अधिक संपत्ति खोई है-

5. सर्गेई ब्रिन (Sergey Brin)

फोर्ब्स मैगजनी के अनुसार, गूगल के को-फाउंडर और उसके बोर्ड के सदस्य सर्गेई ब्रिन को पिछले साल करीब 45 अरब डॉलर का नुकसान हुआ। ब्रिन ने 1998 में लैरी पेज के साथ मिलकर Google की स्थापना की थी। सर्गेई बिन की संपत्ति में गिरावट ऐसे समय में आई है, जब गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट सितंबर 2022 में अपने आमदनी के लक्ष्य को हासिल करने में विफल रही थी।

4. लैरी पेज (Larry Page)


गूगल के दूसरे को-फाउंडर लैरी पेज को 2022 में 46 अरब डॉलर का नुकसान हुआ। सर्गेई ब्रिन से एक अरब डॉलर अधिक। लैरी पेज 2019 तक अल्फाबेट के सीईओ थे, जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। वह अभी कंपनी में एक कंट्रोलिंग शेयरहोल्डर बने हुए हैं। अल्फाबेट का वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म, YouTube से विज्ञापन रेवेन्यू भी 2022 में कम हुआ है।

यह भी पढ़ें- शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन गिरकर हुआ बंद, जानें इसके पीछे के 6 कारण

3. मार्क जुकरबर्ग (Mark Zuckerberg)

फोर्ब्स मैगजीन के मुताबिक, फेसबुक के फाउंडर और सीईओ मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति साल 2022 में करीब 77 अरब डॉलर घटी है। फेसबुक की मूल कंपनी मेटा के शेयरों की कीमत साल 2022 में करीब 65% तक गिर गई, जिसके चलते 38 वर्षीय जुकरबर्ग की संपत्ति आधे से अधिक घट गई।

2. जेफ बेजोस (Jeff Bezos)

दिग्गज अमेरिकी ई-कॉमर्स कंपनी एमेजॉन के फाउंडर और एग्जिक्यूटिव चेयरमैन जेफ बेजोस, अरबपतियों की लिस्ट में एक और नाम है, जिनकी संपत्ति में पिछले साल आए आर्थिक उथल-पुछल के चलते भारी गिरावट दर्ज की गई। पिछले 12 महीनों में जेफ बेजोस को 85 अरब डॉलर का नुकसान हुआ और उनकी ई-कॉमर्स कंपनी के शेयरों में 50% की गिरावट आई।

1. एलॉन मस्क (Elon Musk)

एलॉन मस्क को साल 2022 में कुल 125 अरब डॉलर का घाटा हुआ। साल 2022 के अंत में उनकी संपत्ति घटकर 147 अरब डॉलर पर आ गई थी। हालांकि इतनी गिरावट के बावजूद वह अभी भी दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।