सिर्फ 20 साल की उम्र में अल्मोड़ा के इस लड़ने ने किया कमाल, प्रधानमंत्री मोदी और आनंद महिंद्रा ने की तारीफ

लक्ष्य ने बहुत कम वक्त में बड़ा नाम कमाया है। सिर्फ छह महीने में वह न सिर्फ इंडियन बल्कि वर्ल्ड बैडमिंटन का चमकता सितारा बन गए हैं। ऑल-इंग्लैंड का फाइनल खेलने से पहले उन्होंने 2022 में ही इंडिया ओपन का खिताब अपने नाम किया

अपडेटेड Mar 26, 2022 पर 1:59 PM
स्वामी विवेकानंद, एम एस धोनी और उमा थुरमैन सहित सैकड़ों मशहूर हस्तियों का नाता अल्मोड़ा से रहा है। अब इस लिस्ट में लक्ष्य का नाम जुड़ गया है।

आम तौर पर 18-20 साल के लड़के अपना वक्त दोस्तों, पढ़ाई, घूमने और मौजमस्ती में बिताते हैं। लेकिन, उत्तराखंड के अल्मोड़ा के लक्ष्य सेन (Lakshya Sen) का रास्ता थोड़ा अलग है। उन्होंने 20 साल की उम्र में लोगों के दिल में अपनी जगह बना ली है। वह ऑल इंग्लैंड ओपन (All England Open) के फाइनल में पहुंचने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं।

करोड़ो भारतीयों का जीता दिल

हालांकि, वह अंतिम लक्ष्य से चूक गए। लेकिन, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi), उद्योगपति आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) सहित करोड़ों भारतीयों को अपना मुरीद बना लिया।


सफलता की बड़ी कीमत चुकाते हैं लक्ष्य

स्वामी विवेकानंद, एम एस धोनी और उमा थुरमैन सहित सैकड़ों मशहूर हस्तियों का नाता अल्मोड़ा से रहा है। अब इस लिस्ट में लक्ष्य का नाम जुड़ गया है। मृदभाषी लक्ष्य को सफलता की बड़ी कीमत चुकानी पड़ रही है। उनका खानपान बहुत रेस्ट्रिक्टेड होता है। इससे वह उत्तराखंड को हॉट मोमो का आनंद नहीं उठा पाते।

यह भी पढ़ें : Exclusive|FMCG कंपनियां कर रहीं हमारी नकल: बाबा रामदेव

इंडियन बैडमिंटन का चमकता सितारा बने लक्ष्य 

लक्ष्य ने बहुत कम वक्त में बड़ा नाम कमाया है। सिर्फ छह महीने में वह न सिर्फ इंडियन बल्कि वर्ल्ड बैडमिंटन का चमकता सितारा बन गए हैं। ऑल-इंग्लैंड का फाइनल खेलने से पहले उन्होंने 2022 में ही इंडिया ओपन का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने वर्ल्ड चैंपियन लोह कीन यूव को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। 2021 में वह BWF World Tour Finals के लिए क्वालिफाय करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बने। उन्होंने इस चैंपियनिशप में ब्रॉन्ज मेडल भी हासिल किया।

लक्ष्य की कामयाबी में औजीक्यू का बड़ा हाथ

अल्मोड़ा के इस लाल की सफलता में Olympic Gold Quest (OGQ) का बड़ा हाथ है। इसे मशहूर बैंडमिंटन प्लेयर रह चुके प्रकाश पादुकोड़ और बिलियर्ड प्लेटर गीत सेठी ने शुरू किया था। हाल ही में ओजीक्यू ने ओलंपिक में सिल्वर मेडल हासिल करने वाले यो योंग सुंग को लक्ष्य का कोच नियुक्त किया है। माना जा रहा है कि अगले कुछ सालों में वर्ल्ड बैडिमिंटन के कोर्ट पर लक्ष्य का कमाल देखने को मिलेगा।

परिवार ने तैयार की सक्सेस की नींव

लक्ष्य की सफलता की नींव उनके परिवार ने तैयार की है। उनका परिवार अपने बच्चों के खेल करियर को लेकर पूरी तरह समर्पित है। लक्ष्य के परिवार के खून में बैडमिंटन शामिल है। उनके बड़े भाई चिराग भी बैडमिंटन खेलते हैं। उनके पिता धीरेंद्र कुमार खुद एक कोच हैं। मां निर्मला योगा की एक्सपर्ट हैं। लक्ष्य के दादा (Grand Father) भी बैडमिंटन खेलते थे। बैडमिंटन से लक्ष्य का पहला परिचय उनकी दादा के जरिए हुआ था।

परिवार के खून में दौड़ता है बैडमिंटन

इंडिया के इस नवोदित सितारे ने स्पोर्ट्स टुडे को दिए इंटरव्यू में कहा था, "मैं अपने दादा को बैडमिंटन खेलते देखता था। कई बार मैं उनके साथ खेलता भी था। 6 से 7 साल का होने पर मैंने अपने पिता से प्रॉपर ट्रेनिंग लेनी शुरू कर दी थी।" उन्होंने बताया कि शुरुआत में मैं सिर्फ मजे के लिए बैडमिंटन खेलता था। तब मैं फुटबॉल और क्रिकेट भी खेलता था। 2011 में प्रकाश पादुकोड़ बैडमिंटन एकेडमी (PPBA) में ट्रेनिंग के लिए मैं बेंगलुरू चला गया।

बड़े भाई भी ले चुके हैं ट्रेनिंग

मजेदार बात यह है कि पहले चिराग को PPBA भेजा गया था। फिर, परिवार ने लक्ष्य को भी मौका देने के लिए गुजारिश कोच से की। PPBA के डायरेक्टर और ओलंपियन विमल कुमार ने कहा, "हमारी चिराग को लेने में ज्यादा दिलचस्पी थी। लेकिन उनके पिता ने लक्ष्य को भी मौका देने के लिए दबाव बनाया। तब लक्ष्य बहुत छोटे थे। लेकिन, शटल पर उनका कंट्रोल बेमिसाल था।"

देश का नाम रोशन कर रहे लक्ष्य

लक्ष्य की मां निर्मला ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, "लक्ष्य के पिता ने अपनी पूरी जिंदगी बच्चों के नाम कर दी। अल्मोड़ा में सब कहते हैं इसके पापा ने ही इसे बनाया है।" लक्ष्य की यह कहानी उन करोड़ों इंडियन को प्रेरणा देगी जो कमाल करना चाहते हैं। उत्तराखंड के खूबसूरत पहाड़ों पर बसे अल्मोड़ा की चर्चा इस बार उसकी नेचुरल ब्यूटी के लिए नहीं हो रही बल्कि लक्ष्य सेन के चलते हो रही है। लक्ष्य सेन धीरे-धीरे अपने लक्ष्य की तरफ बढ़ रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।