Wrestlers Protest: पहलवानों के समर्थन में आए पूर्व क्रिकेटर अनिल कुंबले, बोले- उनके साथ हुई बदसलूकी से निराश हूं

Wrestlers Protest: पहलवानों ने उद्घाटन के दिन नए संसद भवन की ओर मार्च करने की कोशिश की थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक दिया और उन्हें हिरासत में ले लिया गया। पहलवानों ने इसका विरोध किया था। ऐसे कई तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिसमे साफ दिख रहा है कि भारत के शीर्ष पहलवानों को पुलिस ने घसीटा और जबरन उठा लिया गया और हिरासत में ले लिया गया

अपडेटेड May 30, 2023 पर 7:56 PM
Wrestlers Protest: पहलवानों के समर्थन में आए पूर्व क्रिकेटर अनिल कुंबले

Wrestlers Protest: भारत के पूर्व कप्तान और कोच अनिल कुंबले (Anil Kumble) ने रविवार, 28 मई को राष्ट्रीय राजधानी में देश के शीर्ष पहलवानों के खिलाफ दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के एक्शन और उन्हें हिरासत में लिए जाने के खिलाफ आवाज उठाई है। कुंबले ने मंगलवार को ट्वीट किया, "28 मई को हमारे पहलवानों के साथ बदसलूकी के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। बातचीत से किसी भी समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। जल्द से जल्द समाधान की उम्मीद है।" 52 साल के कुंबले, हाल ही में खत्म हुए IPL 2023 के लिए JioCinema ब्रॉडकास्ट टीम का हिस्सा थे।

पहलवानों ने उद्घाटन के दिन नए संसद भवन की ओर मार्च करने की कोशिश की थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक दिया और उन्हें हिरासत में ले लिया गया। पहलवानों ने इसका विरोध किया था। ऐसे कई तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिसमे साफ दिख रहा है कि भारत के शीर्ष पहलवानों को पुलिस ने घसीटा और जबरन उठा लिया गया और हिरासत में ले लिया गया।


उस दिन बाद में, पहलवानों और बाकी प्रदर्शनकारियों पर दंगा करने और एक लोक सेवक को उसके कर्तव्यों पूरा करने में बाधा डालने के लिए मामला दर्ज किया गया। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर में धरना स्थल पर टेंट, गद्दे और बाकी सभी सामान को हटा दिया।

मंगलवार को रियो 2016 की ब्रॉन्ज मेडल विजेता साक्षी मलिक, टोक्यो 2020 की मेडल विजेता बजरंग पुनिया और विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता विनेश फोगट ने कहा कि वे अपने ओलंपिक और विश्व मेडल हरिद्वार में गंगा में विसर्जित करेंगे।

पहलवानों ने अपने बयान में कहा, "ये मेडल हमारे जीवन और आत्मा हैं। उन्हें गंगा में विसर्जित करने के बाद हमारे जीने का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। इसलिए हम इंडिया गेट पहुंचेंगे और आमरण अनशन पर बैठेंगे।"

Wrestlers Protest: गंगा में अपने मेडल बहाएंगे पहलवान, बोले- अब इंडिया गेट पर करेंगे आमरण अनशन

बयान में आगे कहा गया, "28 मई को जो कुछ भी हुआ आप सभी ने देखा। जिस तरह से पुलिस ने हमारे साथ व्यवहार किया और हिरासत में लिया। पुलिस ने न केवल जंतर-मंतर पर हमारे धरना स्थल को खाली कराया, बल्कि हमारे खिलाफ FIR भी दर्ज की, इस तथ्य के बावजूद कि हम शांतिपूर्वक विरोध कर रहे थे।"

इसमें आगे कहा, "क्या महिला एथलीटों ने अपने खिलाफ हुए यौन उत्पीड़न के लिए न्याय मांगकर कुछ अपराध किया है? हमारे साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया है।"

देश के शीर्ष पहलवान एक महीने से ज्यादा समय से राष्ट्रीय राजधानी में जंतर मंतर पर धरना दे रहे हैं। भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, उन पर यौन उत्पीड़न और दुराचार का आरोप लगाया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।