Wrestlers Protest Updates: देश की महिला पहलवानों की तरफ से रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के प्रमुख के खिलाफ यौन उत्पीड़न (sexual harassment) के आरोप लगाए जाने के बाद से मामले ने काफी तूल पकड़ लिया है। खबर है कि खुद खेल मंत्रालय ने मामले का संज्ञान ले लिया है। News18 ने सूत्रों के हवाले से बताया कि WFI के प्रमुख और BJP सांसद बृजभूषण सरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) पर पहलवानों की तरफ से लगाए गए आरोपों जांच के लिए मंत्रालय तीन सदस्यों की समिति बनाने पर विचार कर रहा है।
खेल मंत्रालय ने बुधवार को भारतीय कुश्ती महासंघ से स्पष्टीकरण मांगा था। मंत्रालय ने ये कदम उठाया, जब विनेश फोगाट (Vinesh Phogat), साक्षी मलिक, अंशु मलिक और बजरंग पुनिया (Bajrang Punia) समेत ओलंपिक पहलवानों ने WFI के कामकाज के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया। मंत्रालय ने कहा कि उसने 'मामले को बहुत गंभीरता से लिया है' क्योंकि ये एथलीटों की भलाई से जुड़ा है।
उधर पहलवान विनेश फोगट, साक्षी मलिक, बजरंग पुनिया और दूसरे पहलवान दूसरे दिन भी WFI प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करते रहे। प्रदर्शन के दूसरे दिन पहलवान मौन धरने पर बैठे।
इस दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा कि अगर हम में देश के लिए लड़ सकते हैं, तो हम अपने अधिकारों के लिए भी लड़ सकते हैं।
प्रदर्शन के दूसरे दिन चैंपियन पहलवान और बीजेपी नेता बबीता फोगाट दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना स्थल पर पहुंचीं। इस पर पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा कि सरकार की तरफ से बबीता फोगाट मध्यस्थता के लिए आई हैं। हम उसके साथ बात करेंगे और फिर ज्यादा जानकारी देंगे।
वहीं पहलवान साक्षी मलिक ने कहा कि बबीता फोगाट सरकार की तरफ से आईं हैं और हमने भी अपनी बात उनके सामने रखी है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि वो हमारे साथ हैं और हमारी मांगें पूरी करवाएंगी। हमारा धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक कोई क्लैरिटी नहीं आ जाती।
इसके बाद चैंपियन पहलवान और BJP नेता बबीता फोगाट ने कहा, "मेरी कोशिश है कि मैं आज ही समाधान करवा दूं। ये कोई छोटी चीज नहीं है। धुआं वहीं उठता है, जहां आग लगी होती है। मैं भरोसा दिलाती हूं कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।"
Wrestlers Protest Updates: क्या है पूरा मामला?
दरअसल ये मामला तब ज्यादा बढ़ गया, जब पहलवान विनेश फोगाट ने रोते हुए आरोप लगाया कि रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह कई सालों से महिला पहलवानों का यौन शोषण कर रहे हैं। इस आरोप को खेल प्रशासक और बीजेपी सांसद ने जोरदार तरीके से खारिज कर दिया।
पहलवान विनेश ने ये भी दावा किया कि लखनऊ में नेशनल कैंप में कई कोच ने भी महिला पहलवानों का शोषण किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कैंप में कुछ महिलाएं हैं, जो WFI अध्यक्ष के कहने पर पहलवानों से संपर्क करती हैं।
28 साल की पहलवान विनेश ने हालांकि, साफ किया कि उन्होंने खुद इस तरह के शोषण का सामना नहीं किया है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें WFI अध्यक्ष के इशारे पर उनके करीबी अधिकारियों से जान से मारने की धमकी मिली थी, क्योंकि उन्होंने टोक्यो ओलंपिक खेलों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान उनका ध्यान इन मुद्दों पर आकर्षित करने का हिम्मत दिखाई थी।
उन्होंने ये भी बताया था बुधवार को जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान, एक 'पीड़ित महिला पहलवान' भी मौजद थी।
फोगाट इतनी परेशान थीं कि उन्होंने टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया के साथ तीन महीने पहले अपने मुद्दों को उठाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।
स्टार पहलवान पुनिया ने PTI से कहा, "हम गृह मंत्री से मिले थे और उन्होंने हमें आश्वासन दिया था कि आपको न्याय मिलेगा।"