Wrestlers Protest: भारत के सभी बड़े पहलवान अपने फेडरेशन के रवैये के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक (Bronze Medal) विजेता बजरंग पूनिया (Bajrang Punia) और विश्व चैम्पियनशिप (World Championship) पदक विजेता विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) भी शामिल हैं। विनेश फोगाट ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) पर महिला खिलाड़ियों का यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कोच भी महिला रेसलर्स को परेशान करते हैं।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे रेसलर्स ने मीडिया से बात की और अपनी शिकायतें सामने रखीं। इस दौरान पहलवान बजरंग पूनिया ने पूरे फेडरेशन में बदलाव की मांग रखी। उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि फेडरेशन का बदलाव हो। इसके लिए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह करते हैं।"
पुनिया ने आगे कहा, "भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) की तरफ से पहलवानों को परेशान किया जा रहा है, जो लोग WFI का हिस्सा हैं, उन्हें इस खेल के बारे में कुछ नहीं पता। हम आज यहां इसलिए इकट्ठे हुए हैं, क्योंकि हमें लगता है कि हमारा भविष्य खतरे में है।"
उन्होंने आगे कहा, "वे नियमों का पालन भी नहीं कर रहे। वजन नापते समय चूक होती है। बच्चे सब कुछ अपने आप मैनेज करते हैं।" जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने ये मुद्दा पहले क्यों नहीं उठाया, तो इस पर पुनिया ने कहा, "हमें जान से मारने की धमकी दी गई थी।"
WFI चेयरमैन ने मुझे 'खोटा सिक्का' कहा- विनेश फोगाट
मीडिया से बात करते हुए पहलवान विनेश फोगाट ने कहा, "टोक्यो ओलंपिक में हार के बाद WFI चेयरमैन ने मुझे 'खोटा सिक्का' कहा। WFI ने मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। मैं हर दिन अपनी जिंदगी को खत्म करने के बारे में सोचती थी। अगर किसी पहलवान को कुछ होता है, तो इसकी जिम्मेदारी WFI अध्यक्ष की होगी।"
उन्होंने आगे कहा, "महिला पहलवान को कई तरह परेशानी होती है। कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष ने महिला खिलाड़ियों का शोषण किया। फेडरेशन खिलाड़ियों पर जबरदस्ती बैन लगाती है, जिससे खिलाड़ी न खेल सके। किसी भी खिलाड़ी को कुछ होता है, तो उसके जिम्मेदार कुश्ती संघ के अध्यक्ष होंगे।" इस दौरान विनेश फोगाट भावुक भी हो गईं।
कोच पर आरोप लगाते हुए विनेश ने कहा, "कोच महिलाओं को प्रताड़ित कर रहे हैं और फेडरेशन के चहेते कुछ कोच महिला कोच के साथ भी बदसलूकी करते हैं। वे लड़कियों का यौन उत्पीड़न करते हैं। WFI अध्यक्ष ने कई लड़कियों का यौन उत्पीड़न किया है।"
उन्होंने आगे कहा, "हर कोई मानसिक रूप से प्रताड़ित है। हमारी लड़ाई बच्चों के लिए है। नए ट्रेनी पहलवानों के लिए है।"
जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों का कहना है कि फेडरेशन हमारी निजी जिंदगी में भी दखल देता है और वे हमें परेशान करते हैं। वे हमारा शोषण कर रहे हैं। जब हम ओलंपिक में गए थे, तो हमारे पास फिजियो या कोच नहीं था। जब से हमने इसके खिलाफ आवाज उठाई है, तो हमें धमकाया जा रहा है।