Yuvraj Singh Birthday: 43 साल के हुए युवराज सिंह, कैंसर को चटाई थी धूल, दो बार रहे विश्व कप मैच के हीरो

Happy Birthday Yuvraj Singh: भारत के पूर्व वर्ल्ड चैंपियन युवराज सिंह आज 43 साल के हो गए हैं। युवी ने साल 2007 में खेले गए टी-20 विश्व कप में बल्ले से जमकर गदर मचाया था। वहीं, 2011 वनडे वर्ल्ड कप में भी युवराज ने अहम योगदान दिया था। युवराज भारत के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिनके दम पर भारत ने कई मैच जीते हैं

अपडेटेड Dec 12, 2024 पर 10:48 AM
Happy Birthday Yuvraj Singh: युवराज सिंह का जन्म 12 दिसंबर 1981 को हुआ था।

भारतीय क्रिकेट टीम के इतिहास में अगर सबसे महान खिलाड़ियों की लिस्ट बनाई जाएगी, तो उसमें युवराज सिंह का नाम टॉप-5 में जरूर आएगा। युवराज सिंह ने भारत को एक नहीं बल्कि दो-दो वर्ल्ड कप में जीत दिलाने में अहम और सबसे खास भूमिका निभाई है। आज युवराज सिंह 43 साल के हो गए हैं और अपना जन्मदिन मना रहे हैं। युवराज सिंह का जन्म 12 दिसंबर 1981 को हुआ था। पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ के रहने वाले युवराज सिंह ने अपना डेब्यू महज 19 साल की उम्र में कर लिया था। उन्होंने सबसे पहले 3 अक्टूबर, 2000 में वनडे डेब्यू किया था। इसके बाद 16 अक्टूबर 2003 को टेस्ट फॉर्मेट में डेब्यू किया था, जबकि उनका टी20 डेब्यू 13 सितंबर, 2007 को हुआ था।

युवराज भारत के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिनके दम पर भारत ने कई मैच जीते हैं। युवराज सिंह बाएं हाथ के मध्यक्रम बल्लेबाज हैं। उन्होंने व्हाइट बॉल क्रिकेट में कई सालों तक टीम इंडिया की नंबर-4 पोजिशन को संभाले रखा था। इसके अलावा युवराज बाएं हाथ स्लो ऑर्थोडॉक्स स्पिन गेंदबाजी भी करते थे। अपनी गेंदबाजी के दम पर भी उन्होंने कई बार टीम इंडिया को बड़े मैचों में जीत दिलाई है।

2007 में टीम इंडिया को बनाया टी-20 चैंपियन


युवराज सिंह साल 2007 में टीम इंडिया को टी-20 वर्ल्ड चैंपियन बनाने में अहम किरदार निभाया। युवी का प्रदर्शन पूरा टूर्नामेंट में कमाल का रहा। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए अहम मुकाबले में युवी ने जमकर धमाल मचाया था। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में लगातार छह गेंदों पर छह छक्के जमाते हुए इतिहास रच डाला था। युवी ने सिर्फ 12 गेंदों पर फिफ्टी ठोक डाली थी। इसके बाद सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मैच में भी युवी की पारी ने मैच के रुख को पूरी तरह से पलटकर रख दिया था। कंगारुओं के मजबूत बॉलिंग अटैक की धज्जियां उड़ाते हुए युवराज ने 30 गेंदों पर 70 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी।

साल 2011 के वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन

साल 2011 वनडे वर्ल्ड कप में युवराज के प्रदर्शन को उनके करियर का सबसे यादगार पल माना जाता है। युवी इस टूर्नामेंट में सिर्फ बल्ले से नहीं, बल्कि गेंद से चमके थे। बीच के ओवर्स में आकर युवराज ने कई अहम पार्टनरशिप को तोड़ा था। 9 मैचों में युवराज के बल्ले से 90.50 की औसत से 362 रन निकले थे। युवी ने टूर्नामेंट में एक शतक और चार अर्धशतक जमाए। बल्ले से तो युवराज ने बड़े मैचों में रन बनाकर दिखाए ही थे, इसके साथ ही गेंद से भी वो खूब चमके थे। 9 मैचों में युवी की झोली में 15 विकेट आए थे। यह 15 विकेट सभी बड़े बल्लेबाजों के थे। कैंसर की वजह से मैदान पर होती खून की उल्टियों को दरकिनार करते हुए युवराज ने देश की खातिर पूरी तरह से खुद को झोंक डाला था।

युवराज ने लगाए थे 6 गेंदों में 6 छक्के 

19 सितंबर 2007 को युवराज सिंह ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ ये रिकॉर्ड बनाया था। सिर्फ फैंस हीं नहीं बल्कि स्टुअर्ट ब्रॉड भी इस मार को आज तक नहीं भूल सके हैं। ये टी20 वर्ल्ड कप 2007 का 21वां मैच था। इस मैच में भारतीय पारी के 19वें ओवर में युवराज ने 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाए थे। लेकिन युवराज मैदान पर इस कारनामे के बारे में सोच कर नहीं आए थे। दरअसल, पारी के 18वें ओवर में उनकी एंड्रयू फ्लिंटॉफ से बहस हो गई थी। इसके बाद युवराज ने अपना सारा गुस्सा स्टुअर्ट ब्रॉड पर निकाला था।

बेहद रोमांटिक है युवराज सिंह और हेजल कीच की प्रेम कहानी

बॉलीवुड इंडस्ट्री में ऐसी कई अभिनेत्रियां हैं, जिन्होंने क्रिकेटर्स से शादी रचाई है। इसी श्रेणी में एक्ट्रेस और इंडियन क्रिकेटर युवराज सिंह की पत्नी हेजल कीच का नाम भी आता है। हेजल ने इंडस्ट्री में ज्यादा फिल्मों में काम नहीं किया है, इसके बावजूद फिल्मी जगत में उनकी एक अलग पहचान है। हेजल के पिता ब्रिटिश नागरिक थे और मां भारतीय मूल की नागरिक थीं। अभिनेत्री ने अपनी स्कूलिंग लंदन से की थी। बहुत कम लोगों को पता है कि हेजल का असली नाम 'रोज डॉन' है।

एक इंटरव्यू में युवराज ने बताया था कि हेजल को डेट के लिए मनाने में उन्हें तीन साल लगे थे। उन्होंने कहा कि जब भी वह हेजल से कॉफी डेट के लिए पूछते थे, तब वह राजी तो हो जाती थीं। लेकिन डेट वाले दिन पूरा समय अपना फोन ऑफ रखती थीं और मिलने भी नहीं आती थीं। कुछ वक्त साथ बिताने के बाद युवराज ने हेजल को प्रपोज किया था और हेजल ने भी हां कर दिया था। लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद युवराज ने हेजल से 30 नवंबर 2016 को शादी की थी और आज साथ में एक खुशहाल जीवन बिता रहे हैं।

Rohit Sharma-Ritika Sajdeh: रोहित शर्मा की वाइफ रितिका ने अपने बेटे के नाम का किया खुलासा, जानें क्या रखा नाम

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।