Tata Steel Meramundali Plant Accident: ओडिशा के ढेंकनाल जिले में स्थित टाटा स्टील के मेरामंडली प्लांट में मंगलवार को भाप का रिसाव होने के कारण कम से कम 18 कर्मचारी घायल हो गए। घायलों में से दो के हालत गंभीर हैं। पीटीआई के मुताबिक, कुछ लोग 20 से 60 प्रतिशत तक जल चुके हैं। यह दुर्घटना मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे हुई जब श्रमिकों और प्लांट के अधिकारियों की एक टीम कथित तौर पर ब्लास्ट फर्नेस पाइपलाइन के रखरखाव पर काम कर रही थी।
टाटा स्टील ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा, "ओडिशा में टाटा स्टील प्लांट में भाप के रिसाव के कारण घायल हुए 18 पीड़ितों को कटक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें से 2 घायल ICU में टाटा स्टील की एक टीम सहित डॉक्टरों की निगरानी में हैं। अन्य व्यक्तियों की स्थिति स्थिर है। एक अन्य व्यक्ति, जिसे शुरू में घटना स्थल पर पैनिक अटैक के लिए भर्ती कराया गया था, अब उसका स्वास्थ्य अच्छा है और उसे जल्द ही छुट्टी मिलने की उम्मीद है।"
ढेंकनाल के SP ज्ञानरंजन महापात्र ने कहा कि घायलों को तुरंत कटक के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। यह हादसा भाप के रिसाव के बाद हुआ, जिसके कारण ब्लास्ट फर्नेस (विशेष प्रकार की भट्टी) का निरीक्षण कर रहे कर्मचारी और इंजीनियर घायल हो गए।
टाटा स्टील ने एक बयान में कहा कि यह हादसा दोपहर करीब एक बजे निरीक्षण कार्य के दौरान हुआ। इससे वहां पर काम कर रहे कुछ लोग प्रभावित हुए। टाटा स्टील के मुताबिक कर्मचारियों को प्लांट परिसर के अंदर स्वास्थ्य केंद्र और फिर आगे के इलाज के लिए कटक ले जाया गया है।
कर्मचारियों को डॉक्टरों के साथ कंपनी की एंबुलेंस में ले जाया गया। कंपनी ने कहा कि सभी इमरजेंसी प्रोटोकॉल चालू कर दिए गए हैं और प्रभावित क्षेत्र की पूरी तरह से घेराबंदी कर दी गई है।
टाटा स्टील ने कहा कि हम जमीनी स्तर पर संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और इस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आंतरिक स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है। टाटा स्टील के कॉरपोरेट सर्विसेज के प्रमुख मोहित दास ने मीडियाकर्मियों को बताया कि दुर्घटना के बारे में तुरंत जिला कलेक्टर और डिप्टी डायरेक्टर, फैक्ट्री और बॉयलर को सूचित किया गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना उस समय हुई जब मरम्मत का काम चल रहा था।