तेलंगाना के नलगोंडा जिले (Telangana Nalgonda district) में शनिवार को एक हेलिकॉप्टर दुर्घटना में एक ट्रेनी समेत दो पायलटों की मौत हो गई। हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, यह दुखद दुर्घटना कृष्णा नदी पर नागार्जुनसागर बांध के करीब पेद्दावुरा ब्लॉक के तुंगतुर्थी गांव में हुई।
जोरदार धमाका सुनकर हेलिकॉप्टर को देखने के लिए स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंच रही है। माना जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त हुआ हेलीकॉप्टर एक ट्रेनिंग उड़ान पर था। एयरक्राफ्ट हैदराबाद की एक प्राइवेट एविएशन एकेडमी का था।
हादसे की जगह पर पहुंची नलगोंडा पुलिस ने मृत पाई गई एक महिला पायलट की शिनाख्त कर ली है। हेलिकॉप्टर नागार्जुन सागर में फ्लाईटेक एविएशन (Flytech Aviation) की एक प्राइवेट विमानन कंपनी का है।
प्रारंभिक जांच में नलगोंडा पुलिस ने कहा कि उन्हें पेडावुरा मंडल के तुंगतुर्थी गांव में कृषि भूमि पर काम करने वाले किसानों से सूचना मिली थी कि उन्होंने देखा कि एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और भयंकर धुआं निकल रहा था।
सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और देखा कि हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और एक महिला पायलट की मौत हो गई। पुलिस को संदेह है कि हेलिकॉप्टर कृषि भूमि पर उच्च तनाव बिजली के तारों के संपर्क में आया और दुर्घटना का कारण बना।