Wrestlers Protest: दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों को समर्थन देने के लिए भारी संख्या में किसानों के वहां पहुंचने की संभावना के मद्देनजर रविवार को प्रदर्शन स्थल और शहर के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली में एंट्री करने वाले सभी वाहनों की जांच की जा रही है। वहीं, दिल्ली-गाजीपुर, टिकरी और सिंघु बॉर्डर पर जांच बढ़ा दी गई है। इस वजह से यहां भारी जाम लगा हुआ है। पहलवानों के समर्थन में आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश से कई खाप चौधरी दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहुंचे रहे हैं। इसे लेकर गाजियाबाद के दिल्ली-यूपी बॉर्डर (गाजीपुर बॉर्डर) पर दिल्ली पुलिस के जवान सुबह से ही अलर्ट पर हैं।
दिल्ली के सभी सीमाओं पर कई लेयर बेरिकेडिंग की गई है। सभी गाड़ियों की चेकिंग के बाद ही उन्हें दिल्ली में एंट्री दी जा रही है। आज गाजीपुर बॉर्डर पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स लगाया गया है। इस दौरान दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर भारी ट्रैफिक जाम देखा गया। किसान नेता राकेश टिकैत पहलवानों का समर्थन करने के लिए जंतर-मंतर पहुंच गए हैं। वहीं, दिल्ली के पड़ोसी राज्यों हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के किसान भी बड़ी संख्या में प्रदर्शनस्थल पर आ रहे हैं।
पीटीआई के मुताबिक, दिल्ली के पड़ोसी राज्यों के सैकड़ों किसान और खाप पंचायत के नेता उन पहलवानों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे हैं, जो लगभग 15 दिनों से यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर बीजेपी सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने शनिवार को भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के समर्थन में देशव्यापी आंदोलन की घोषणा की। इसने कहा कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एसकेएम के कई वरिष्ठ नेता सैकड़ों किसानों के साथ रविवार को जंतर-मंतर जाएंगे।
SKM ने सिंह की तत्काल गिरफ्तारी की भी मांग की है। बृजभूषण शरण सिंह पर कुछ महिला पहलवानों द्वारा यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जंतर-मंतर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है और प्रदर्शन स्थल पर हो रही गतिविधियों पर सीसीटीवी के माध्यम से चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अप्रिय घटना न हो।
प्रदर्शन स्थल के साथ-साथ दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में भी कई बैरिकेड्स लगाए गए हैं। गुरुवार को जंतर-मंतर पहुंचने के लिए दिल्ली आ रहे किसानों के एक समूह को पुलिस ने सिंघु बॉर्डर पर रोक दिया था। अधिकारियों ने बताया कि उनमें से 24 को हिरासत में लिया गया था। पहलवान 23 अप्रैल से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने 28 अप्रैल को एक नाबालिग सहित सात महिला पहलवानों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर सिंह के खिलाफ दो FIR दर्ज की थी।