Wrestlers Protest: दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों को समर्थन देने के लिए भारी संख्या में किसानों के वहां पहुंचने की संभावना के मद्देनजर रविवार को प्रदर्शन स्थल और शहर के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली में एंट्री करने वाले सभी वाहनों की जांच की जा रही है। वहीं, दिल्ली-गाजीपुर, टिकरी और सिंघु बॉर्डर पर जांच बढ़ा दी गई है। इस वजह से यहां भारी जाम लगा हुआ है। पहलवानों के समर्थन में आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश से कई खाप चौधरी दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहुंचे रहे हैं। इसे लेकर गाजियाबाद के दिल्ली-यूपी बॉर्डर (गाजीपुर बॉर्डर) पर दिल्ली पुलिस के जवान सुबह से ही अलर्ट पर हैं।
