अमेरिका के टेक अरबपति और एंटी-एजिंग रिसर्चर ब्रायन जॉनसन (Bryan Johnson) हाल ही में अपनी किताब "डोंट डाई" के प्रचार के लिए भारत आए थे। यहां रहते हुए उन्होंने, ज़ेरोधा (Zerodha) के को-फाउंडर निखिल कामत के पॉडकास्ट में भी हिस्सा लिया। वहीं दिल्ली की खराब एयर क्वालिटी से इतना परेशान हो गए कि निखिल कामत (Nikhil Kamath) के पॉडकास्ट को बीच में ही छोड़ दिया और वापस चले गए। जॉनसन ने कहा कि भारत की वायु प्रदूषण ने उनकी स्किन पर रैशेज़ (Rashes) पैदा कर दिए, साथ ही उनकी आंखों और गले में जलन होने लगी।
बीच में ही छोड़ा पोडकास्ट
अमेरिका वापस लौटने के बाद, जॉनसन ने सोशल मीडिया पर बताया कि पॉडकास्ट छोड़ने का कारण क्या था। उन्होंने लिखा, "निखिल कामत बहुत अच्छे मेज़बान थे और हम अच्छे समय बिता रहे थे, लेकिन समस्या यह थी कि जिस कमरे में हम थे वहां की हवा बाहर से आ रही थी, जिससे मेरा एयर प्यूरीफायर बेअसर हो गया।" उन्होंने यह भी बताया, "कमरे में AQI 130 था और PM2.5 75 µg/m³ था, जो 24 घंटे के एक्सपोजर के दौरान 3.4 सिगरेट पीने के बराबर है। यह भारत में मेरा तीसरा दिन था और वायु प्रदूषण की वजह से मेरी त्वचा पर दाने निकल आए थे और मेरी आँखें और गला जलने लगे थे।"
दिल्ली के प्रदूषण से थे परेशान
भारत में छह दिन रहने के बाद, जॉनसन ने कहा कि यहां वायु प्रदूषण एक आम बात बन चुकी है। लोग खतरनाक प्रदूषण स्तरों के बावजूद मास्क नहीं पहनते हैं। उन्होंने बताया, "भारत में वायु प्रदूषण इतना सामान्य हो गया है कि इसके असर के बारे में वैज्ञानिक तथ्य जानने के बावजूद कोई ध्यान नहीं देता। लोग बाहर दौड़ते रहते हैं और बच्चे भी इसका सामना करते हैं।" उन्होंने कहा कि वायु गुणवत्ता में सुधार से सार्वजनिक स्वास्थ्य पर बड़ा असर होगा, जो कि कैंसर के इलाज से भी ज्यादा महत्वपूर्ण होगा।
अमेरिका लौटने पर जॉनसन ने यह भी देखा कि वहां मोटापा कितना सामान्य हो गया है। उन्होंने कहा, "जब मैं अमेरिका लौटा, तो मुझे देखा कि हर जगह मोटापा था। लगभग 42.4% अमेरिकी मोटे हैं और मैं इससे पहले अनजान था। मोटापा, वायु प्रदूषण से भी ज्यादा खतरनाक हो सकता है।" बता दें कि जॉनसन की पोस्ट एक पत्रकार के दावे का जवाब थी, जिसमें कहा गया था कि जॉनसन भारत के एक पांच सितारा होटल में आयोजित पॉडकास्ट से खराब वायु गुणवत्ता के कारण बाहर चले गए थे।
ब्रायन जॉनसन ने भारत में अपने दौरे के दौरान निखिल कामथ के पॉडकास्ट WTF के एक एपिसोड की रिकॉर्डिंग की थी। यह बातचीत एक 5 स्टार होटल के कमरे में हो रही थी, जहां एक एयर प्यूरीफायर भी लगाया गया था। इसके बावजूद, जब जॉनसन को सांस लेने में परेशानी होने लगी, तो उन्होंने शो बीच में ही छोड़ दिया। रिकॉर्डिंग के दौरान उन्होंने कहा, "मैं आपको ठीक से देख नहीं पा रहा हूं," जब उनसे भारत की वायु गुणवत्ता पर टिप्पणी करने के लिए कहा गया।