Amazon ने भारतीय तिरंगे का किया अपमान! सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा, यूजर्स ने कड़ी कार्रवाई की मांग

Amazon को सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर विरोध का सामना करना पड़ रहा है

अपडेटेड Jan 25, 2022 पर 3:36 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Amazon ने देर शाम जारी एक बयान में कहा कि वह विक्रेताओं के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है

Republic Day 2022: ई-कॉमर्स साइट अमेजन (Amazon) को भारतीय तिरंगे का कथित तौर पर अपमान करने के लिए सोमवार को सोशल मीडिया यूजर्स के एक वर्ग की नाराजगी का सामना करना पड़ा। अमेजन को परिधान और खाद्य पदार्थों सहित कुछ ऐसे उत्पादों की बिक्री को लेकर भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स के एक वर्ग की आलोचना का सामना करना पड़ा जिसमें भारतीय ध्वज की तस्वीरें लगी हैं। सोशल मीडिया पर लोग लगातार अमेजन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

इनमें से कुछ ने कहा कि इस तरह से तिरंगे का इस्तेमाल करना देश के ध्वज संहिता का अपमान और उल्लंघन है। हालांकि अमेजन ने देर शाम जारी एक बयान में कहा कि वह उन विक्रेताओं के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिन्होंने कोई गैर-अनुपालन वाले उत्पादों को सूचीबद्ध किया हो।

सोशल मीडिया यूजर्स ने अमेजन की वेबसाइट पर परिधान, कप, चाबी का गुच्छा और चॉकलेट जैसी वस्तुओं की तस्वीरें साझा कीं, जिनमें तिरंगे की तस्वीरें या छाप हैं और इन वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। संपर्क करने पर अमेजन ने पीटीआई से कहा कि Amazon.in एक ऑनलाइन मार्केटप्लेस है जहां तीसरे पक्ष के विक्रेता सीधे ग्राहकों को बिक्री के लिए उत्पादों की पेशकश करते हैं और इस तरह वे इन उत्पादों की बिक्री से जुड़े अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार हैं।


CBSE Term-1 Results 2022: सीबीएसई ने टर्म-1 रिजल्ट को लेकर छात्रों को किया अलर्ट, भ्रामक खबरों से बचने की दी सलाह

कंपनी ने कहा कि हमारे लिए यह जरूरी है कि हम बाजार में पेश किए जाने वाले सभी उत्पादों को लागू कानूनों का पालन करने और गैर-अनुपालन पर लगातार उचित कार्रवाई करें। अमेजन उन विक्रेताओं के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिन्होंने कोई गैर-अनुपालन करने वाला उत्पाद सूचीबद्ध किया हो। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि उत्पादों पर तिरंगे का उपयोग करना भारतीय ध्वज संहिता, 2002 के विरुद्ध है।

सोशल मीडिया यूजर्स के एक वर्ग ने कहा कि इस तरह का उपयोग राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है, जबकि अन्य ने कहा कि यह बिक्री बढ़ाने का एक सस्ता तरीका था और इससे भारतीय नागरिकों की देशभक्ति नहीं बढ़ेगी। संहिता के अनुसार, ध्वज का उपयोग किसी भी प्रकार की पोशाक या वर्दी के हिस्से के रूप में नहीं किया जाएगा। इसे तकिए, रूमाल, नैपकिन या बक्से पर मुद्रित नहीं किया जाएगा।

गौरतलब है कि ऐसा पहली बार नहीं है जब अमेजन को इस तरह की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। 2017 में, अमेजन को भारत के कड़े विरोध के बाद अपनी कनाडाई वेबसाइट पर सूचीबद्ध भारतीय ध्वज वाले ‘डोरमैट’ को हटाना पड़ा था। ट्विटर पर #AmazonInsultsNationalFlag जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।