मोटापा एक गंभीर समस्या है, जिससे कैंसर और डायबिटीज समेत कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। वजन जितनी जल्दी बढ़ता है, उसे कम करना उतना ही बड़ा चैलेंज है। वजन कम करने के लोग कई तरीके अपनाते हैं। कुछ लोग डॉक्टर की सलाह के बिना अपना इलाज करना शुरू कर देते हैं। बाद में वो कई गंभीर बीमारियों के शिकार हो सकते हैं। ऐसे ही अमेरिका में बहुत से लोग मोटापे के शिकार हैं। ऐसे में ये लोग अपना वजन कम करने के लिए बिना डॉक्टर की सलाह के इलाज कर रहे हैं। इसके लिए इंजेक्शन भी लगवा रहे हैं। इस बात का खुलासा अमेरिका की एक स्टेट यूनिवर्सिटी ने किया है।
अमेरिका की ओहियो स्टेट यूनिवर्सिटी ने एक बड़ा खुलासा किया है। इसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। टीम ने 1,006 अमेरिकी एडल्ट्स पर एक सर्वे किया। जिसमें पता चला कि बहुत से लोग प्रिस्क्रिप्शन के विकल्पों की तलाश में हैं। उनके पास इलाज के लिए पैसे नहीं हैं। बीमा कवरेज भी नहीं है। ऐसे में बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं ले रहे हैं।
25 फीसदी लोग अपनी मर्जी से कर रहे हैं इलाज
स्टडी में खुलासा हुआ है कि हर 4 में से 1 शख्स डॉक्टर की सलाह लिए बिना वेट लॉस इंजेक्शंस और दवाओं का इस्तेमाल कर रहा है। आसान भाषा में कहें, तो 25 फीसदी लोग अपनी मर्जी से ये दवाएं इस्तेमाल कर रहे हैं। इस सर्वे से पता चला है कि लोगों को दवाएं खरीदने में सबसे बड़ी समस्या पैसे की आती है। डॉक्टर्स का अपॉइंटमेंट भी आसानी से नहीं मिलता है। लोगों को फॉर्मेसी में दवाएं भी नहीं मिलती है। बहुत से ऐसे लोग हैं, जिनके पास बीमा नहीं है। लिहाजा वो डॉक्टरों के पास जाने से भी बचते हैं। बहुत से लोग अपना वजन कम करने के लिए बिना डॉक्टर की सलाह के ऑनलाइन दवाएं ले रहे हैं।
बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं लेना जोखिम
स्टेट यूनिवर्सिटी टीम का कहना है कि कुछ लोग डॉक्टर के पास जाने से बच रहे हैं। बिना लाइसेंस वाली ऑनलाइन दवा कंपनियों से लोग दवाएं ले रहे हैं। जिससे मरीजों की जान का खतरा हो सकता है। टीम ने आगे कहा कि जो लोग अपना वजन कम करना चाहते हैं, उनके लिए सबसे पहले अपने डॉक्टर से विकल्पों के बारे में बात करना बहुत जरूरी है। हर दवा हर किसी के लिए एक जैसी नहीं होती है। हर दवा के अपने जोखिम और साइड इफेक्ट हो सकते हैं।