दिग्गज फिनटेक प्लेटफॉर्म भारतपे (BharatPe) के पूर्व एमडी अश्नीर ग्रोवर (Ashneer Grover) और उनके परिवार के खिलाफ हाल ही में FIR दर्ज की गई है। इसके बाद से अश्नीर ग्रोवर कंपनी पर लगातार निशाना साध रहे हैं। BharatPe के चेयरमैन रजनीश कुमार की आलोचना करते हुए ग्रोवर ने ट्विटर पर लिखा है कि भारतपे एकमात्र ऐसी यूनिकॉर्न कंपनी है जिसने अपने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कमेंट सेक्शन को बंद कर रखा है। बता दें कि आर्थिक मामलों की जांच एजेंसी इकोनॉमिक अफेंसेज विंग (EOW) ने अश्नीर ग्रोवर, उनकी पत्नी माधुरी जैन ग्रोवर के साथ उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। ग्रोवर परिवार पर 81 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े का आरोप लगाया गया है।
अश्नीव ग्रोवर ने ट्वीट कर साधा निशाना
अश्नीर ग्रोवर ने ट्वीट करते हुए लिखा, भारतपे खास है! रजनीश कुमार के तहत इसका मैनेजमेंट एक क्लास एक्ट है। (मैनेजमेंट केस स्टडी बन जाएगा) भारत में 106 यूनिकॉर्न हैं। जिसमें से BharatPe एकमात्र ऐसा है जिसने 15 महीनों के लिए ट्विटर / लिंक्डइन / इंस्टाग्राम (सभी सोशल मीडिया) पर अपने कमेंट सेक्शन को बंद कर दिया है। मेरे जाने के बाद से (1 मार्च 2022) सोशल मीडिया बंद करने वाला यह दुनिया का इकलौता फिनटेक या स्टार्टअप है। आप खुद कमेंट करके देख सकते हैं। ऐसा कौन करता है भाई?"
इतना ही नहीं, एक अन्य ट्वीट में भी कल 14 मई को अश्नीर ग्रोवर ने भारतपे पर निशाना साधा था। उन्होंने इस ट्वीट में मजाकिया लहजे में लिखा, दोगलापन- द बुक की शानदार सफलता के बाद अब मैं बना रहा हूं : दोगलापन - द बोर्ड (एरर बोर) गेम। कॉर्पोरेट 'रंजिश' का एक गेम! यह शतरंज और मोनोपॉली का एक कॉन्बिनेशन है।"
ग्रोवर परिवार के लिए बढ़ी मुश्किलें
भारतपे का कहना है कि एफआईआर सही दिशा में उठाया गया कदम है जिससे यह सामने आ सकेगा कि ग्रोवर परिवार ने अपने निजी आर्थिक फायदे के लिए कौन-कौन से लेन-देन किए। कंपनी के मुताबिक इस एफआईआर से अब जांच एजेंसी आपराधिक मसलों की गहराई से जांच कर सकेगी और दोषियों को सजा दिला सकेगी। कंपनी ने सभी जरूरी सहयोग देने की बात कही है। इस मामले में भारतपे को एमजेएम लीगल सलाह दे रही है। MZM Legal LLP के मैनेजिंग पार्टनर जुल्फिकार मेनन का कहना है कि ईओडब्ल्यू के पास एक विस्तृत शिकायत के बाद गहन जांच हुई और अब इस बात की खुशी है कि जांच एजेंसी ने संज्ञान लिया है और एफआईआर दर्ज कर लिया गया है।