Bengaluru Bandh on September 26: तमिलानडु को कावेरी नदी का पानी छोड़ने के कर्नाटक सरकार के फैसले के खिलाफ कन्नड़ समर्थक संगठनों ने मंगलवार यानी 26 सितंबर को 'बेंगलुरु बंद' का आह्वान किया है। किसानों और कन्नड़ समर्थक समूहों ने मंगलवार सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बंद का आह्वान किया है। कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (CWMA) ने पिछले हफ्ते कर्नाटक को अगले 15 दिनों तक तमिलनाडु को 5,000 क्यूसेक पानी छोड़ने का निर्देश दिया था। इससे पहले यह सिफारिश कावेरी जल विनियमन समिति (CWRC) ने की थी। सुप्रीम कोर्ट ने भी CWMA और CWRC के आदेशों में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।
कर्नाटक के मांड्या में रविवार को भी प्रदर्शन जारी रहे। किसानों और विभिन्न कन्नड़ समर्थक संगठनों ने न्याय की मांग को लेकर यहां संजय सर्कल पर धरना दिया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने नारेबाज़ी की और कर्नाटक सरकार से मांग की कि वह पड़ोसी राज्य के लिए पानी छोड़ना बंद करे।
उन्होंने दावा कि कृष्ण राजा सागर बांध में पेयजल आपूर्ति तक के लिए पर्याप्त जल नहीं है। इससे सिंचाई आवश्यकताओं को पूरा करना तो दूर की बात है। कर्नाटक रक्षण वेदिके और कावेरी जल रक्षण होराता समिति आंदोलन का नेतृत्व कर रही है। प्रदर्शन पिछले कुछ दिनों से हो रहा है। यह शनिवार को और तेज हो गया जब 'मांड्या बंद' का आह्वान किया गया था।
'बेंगलुरु बंद' के दौरान यात्रियों के प्रभावित होने की संभावना है। क्योंकि ड्राइवर यूनियनों ने विरोध में शामिल होने का फैसला किया है। एयरपोर्ट कैब पर भी इसका असर पड़ने की आशंका है। Ola-Uber ड्राइवर और ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष तनवीर पाशा ने भी अपनी भागीदारी की पुष्टि की है।
किसान नेता कुरुबुरु शांताकुमार ने स्कूलों, कॉलेजों, IT कंपनियों और फिल्म चैंबर से छुट्टी घोषित करने की अपील की है। फ्रीडम पार्क में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे मंगलवार सुबह 11 बजे टाउन हॉल से मैसूरु बैंक सर्कल तक विरोध मार्च निकालेंगे।
बैंगलोर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMRCL) द्वारा हमेशा की तरह नम्मा मेट्रो सेवाएं संचालित की जाएंगी। इस दौरान अस्पताल, नर्सिंग होम, मेडिकल दुकानें, सरकारी ऑफिस जैसी आवश्यक सेवाएं खुली रहेंगी।
राज्य सरकार द्वारा संचालित कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) और बैंगलोर मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (BMTC) कानून और व्यवस्था की स्थिति का आकलन करने के बाद बंद में हिस्सा लेने के बारे में निर्णय लेंगे। हालांकि, बंद के दौरान बस सेवाएं प्रभावित होंगी, क्योंकि AITUC समर्थित KSRTC स्टाफ एंड वर्कर्स फेडरेशन ने बंद में भाग लेने का फैसला किया है। 'बेंगलुरु बंद' की वजह कई इंडस्ट्री, होटल, रेस्तरां, शॉपिंग मॉल और अन्य छोटे स्थानीय व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बंद रहने की उम्मीद है।