कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमीक्रोन की बढ़ती दहशत के बीच एक राहत भरी खबर आई है। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया Drug Controller General of India -DCGI) ने 25 दिसंबर को भारत बायोटेक के वैक्सीन, कोवैक्सीन (Covaxin) को 12-18 साल के बच्चों के लिए इमरजेंसी यूज के लिए मंजूरी दे दी है।
इसकी दो डोज बच्चों को दी जाएगी। पहले और दूसरे डोज के बीच 28 दिन का अंतर होगा। मौजूदा समय में देश में अभी तक 18 या इससे अधिक उम्र के लोगों को ही कोरोना वैक्सीन लगाई जा रही है।
भारत ने अगस्त महीने में Zydus Cadila की तीन डोज वाली बिना निडल के वैक्सीन ZyCoV-D को मंजूरी दी थी। 12-18 साल के बीच लगाए जाने वाले बच्चों के लिए यह पहली वैक्सीन थी। जिसे मंजूरी मिली थी।
हैदराबाद स्थित भारत बायोटेक ने 2-18 साल के बच्चों के इस्तेमाल के लिए कोवैक्सीन को 2/3 ट्रायल में पूरा किया है। इसके वेरिफिकेशन के लिए कंपनी ने Central Drugs Standard Control Organisation (CDSCO) के पास अपना डेटा जमा किया था। इसके बाद कोविड-19 पर विषय विशेषज्ञ समिति (Subject Expert Committee -SEC) ने डेटा की जांच की और इस पर विचार- विमर्श किया गया।
फिलहाल सरकार ने इमरजेंसी यूज के लिए कोवैक्सीन को मंजूरी दे दी है। ऐसे में आने वाले दिनों में बच्चों को भी कोरोना के खिलाफ सुरक्षा कवच मिलना शुरू हो जाएगा।