भोपाल के कालीपीठ थाना से करीब 12 किलोमीटर दूर रविवार को खेत में एक युवक की लाश मिली है। लाश मिलने की जानकारी पर परिजनों के साथ ही आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। बताया जा रहा है कि मृत युवक पिछले दो दिनों से गायब था, जिसके बाद उसकी लाश मिली है। मृतक की पहचान बिरम तंवर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमोर्टम के लिए भेज दिया है और परिवार की शिकायत पर मामले को गंभीर रूप से जांच कर रही है। पूरा मामला कालिपीठ थाना, ग्राम प्रेमपुरा का है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक का अपनी पत्नी की पहली ससुराल वालों से विवाद चल रहा था। मृतक के चाचा रायसिंह ने मीडिया को बताया कि बिरम ने एक साल पहले ही गांव की ही एक महिला के साथ भाग कर भोपाल में शादी कर ली थी। महिला पहले से ही शादीशुदा थी, लेकिन कुछ महीनों के बाद महिला अपने पहले पति के घर चली गई। जिसको लेकर पिछले एक साल से दोनों परिवार के बीच विवाद चल रहा था। इस दौरान लड़ाई में मृतक के भाई रामबाबू तंवर का पैर भी टूट गया था, जिसमें हड्डियों को सही करने के लिए रॉड तक लगानी पड़ी थी।
गांव वालों पर हत्या का आरोप
युवक की लाश मिलने का बाद परिजनों ने भारी हंगामा किया और गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या के आरोप लगाए हैं। कुछ दिन पहले ही इस पूरे मामले को लेकर गांव वालों ने पंचायत भी की थी। पंचायत में 6.5 लाख रुपए में विवाद खत्म करने पर समझौता भी हुआ था। मृतक ने 20,000 रुपए जमा भी करवा दिए थे, लेकिन उससे पहले ही बिरम की मौैत हो गई।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
मृतक बिरम के छोटे भाई प्रताप ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने भाई के साथ खेत में पानी चलाने गया था। रात करीब 10 बजे वह घर वापस आ गया, लेकिन जब वह दोबारा करीब 2 बजे खेत पर गया, तो बिरम वहां नहीं था। केवल खेत में उसकी टॉर्च पड़ी हुई थी। अगले दिन इस पूरे मामले को लेकर परिवार वालों ने पुलिस में शिकायत भी की थी।
वहीं इस मामले को लेकर कालीपीठ थाना के प्रभारी शिव प्रसाद का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल ये हत्या है या आत्महत्या इस मामले में कुछ भी कहना संभव नहीं है।