Chhattisgarh: बॉयफ्रेंड ने चलती ट्रेन में उठाया ये कदम, परिवार ने गर्लफ्रेंड पर लगाया टॉर्चर का आरोप जानें पूरा मामला

छत्तीसगढ़ के भिलाई में 28 वर्षीय जगबंधु साहू ने इंटरसिटी एक्सप्रेस के टॉयलेट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार का आरोप है कि उसकी प्रेमिका शादी का दबाव बना रही थी और ब्लैकमेल कर रही थी। वॉयस नोट में जग्गू ने प्रेमिका और उसके दोस्तों पर उकसाने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है

अपडेटेड Nov 30, 2024 पर 7:17 PM
मामले में जुटी पुलिस (image source: google)

छत्तीसगढ़ के भिलाई में 28 वर्षीय युवक जगबंधु साहू उर्फ जग्गू ने इंटरसिटी एक्सप्रेस के टॉयलेट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव महाराष्ट्र के गोंदिया रेलवे स्टेशन पर मिला। परिवार के अनुसार, जग्गू पर उसकी प्रेमिका शादी के लिए दबाव बना रही थी और इनकार करने पर झूठी FIR कराने की धमकी दे रही थी। इस मानसिक तनाव के चलते उसने आत्महत्या की।घटना से पहले जग्गू ने एक वॉयस नोट में अपनी प्रेमिका और उसके तीन दोस्तों पर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया।

जग्गू चार साल से लिव-इन रिलेशनशिप में था और शादी करना चाहता था, लेकिन परिस्थितियों ने उसे यह कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार ने गहन जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?


घटना भिलाई के हाउसिंग बोर्ड प्रधानमंत्री आवास इलाके की है। मृतक के मामा, जगन्नाथ दलाई ने बताया कि जग्गू एक लड़की से चार साल से लिव-इन रिलेशनशिप में था और शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। जब जग्गू को यह पता चला तो उसने रिश्ता खत्म कर दिया, लेकिन लड़की ने उससे शादी करने की जिद पकड़ ली और उसे ब्लैकमेल करने लगी। उसने धमकी दी कि अगर शादी नहीं की तो उसकी जिंदगी बर्बाद कर देगी। लड़की ने एक बार जग्गू के घर पर आकर हंगामा भी किया।

पुलिस में भर्ती होने वाला था जग्गू

जग्गू हाल ही में पुलिस भर्ती की फिजिकल परीक्षा पास कर चुका था और लिखित परीक्षा की तैयारी कर रहा था। लड़की ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसने शादी नहीं की तो वह पुलिस में शिकायत कर उसकी नौकरी नहीं लगने देगी। इस मानसिक दबाव के कारण जग्गू परेशान था। घटना के दिन, लड़की अपने दोस्तों के साथ एक बारात समारोह में थी, जहां जग्गू को भी बुलाया गया। जग्गू ने अपने दोस्त को अपना मोबाइल दिया और कहा कि वह कुछ देर में लौटेगा, लेकिन फिर वह वापस नहीं आया।

मामले में जुटी पुलिस

मृतक की बहन ने बताया कि जग्गू ने घटना से पहले एक वॉयस मैसेज भेजा था, जिसमें उसने कहा कि उसकी प्रेमिका और उसके दोस्तों ने उसे आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया। परिवार का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है। परिवार ने पुलिस से मामले की जांच और दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भिलाई नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। गोंदिया से संबंधित दस्तावेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।