भारतपे (BharatPe) के को-फाउंडर अशनीर ग्रोवर (Ashneer Grover) पर पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर मीम्स (Memes) बनने की बाढ़ आ गई है। इसकी वजह एक स्टार्टअप रियल्टी शो 'शार्क टैंक इंडिया ( Shark Tank India)' पर बतौर जज उनकी तरफ से कुछ टिप्पणियां हैं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। अब भारत सरकार के अकाउंट 'MyGov' ने भी अशनीर ग्रोवर के मीम का ही सहारा लेते हुए लोगों को कोरोना से बचने की सलाह दी है।
'MyGov' के इस मीम रियल्टी शो 'शार्क टैंक इंडिया' की एक फोटो लगाई है, जिसमें अशनीर ग्रोवर जज की कुर्सी पर बैठे हुए दिख रहे हैं। इसमें लिखा गया है कि 'अरे भाई कोविड खत्म, चल पार्टी करते हैं।' इसके जवाब में अशनीर ग्रोवर की वायरल लाइन पोस्ट की गई है, जिसमें वह कहते हैं, "बिल्कुल बकवास है ये, आप बंद कर दो इसे।"
इसके साथ ही MyGov ने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "बिना कोई नौटंकी किए, आइए सुरक्षा में निवेश करते हैं और कोरोना महामारी के प्रसार को रोकने में शार्क की भूमिका निभाते हैं। जिम्मेदारी बनिए, सुरक्षित रहिए।"
अशनीर ग्रोवर ने भी इस पोस्ट को हल्के में लेते हुए कमेंट किया, "बिल्कुल। यह खुद को सुरक्षित रखने का समय है। कोरोना खत्म होने दीजिए, उसके बाद ही पार्टी की जाएगी।" बाद में अशनीर ग्रोवर ने MyGov के पोस्ट का स्क्रीनशॉट अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर भी पोस्ट किया और कहा, "जागरुकता फैलाने के लिए मेरा मीम इस्तेमाल करने के लिए MyGov का शुक्रिया। जल्द ही पार्टी करने के लिए सुरक्षित समय भी हो जाएगा।"
देखिए अशनीर ग्रोवर का इंस्टाग्राम पोस्ट-
बता दें कि शॉर्क टैंक इंडिया, अमेरिका के मशहूर स्टार्टअप रियल्टी शो "शॉर्क टैंक" का भारतीय संस्करण है, जहां नए और जोश से भरे आंत्रप्रेन्योर्स अपने स्टार्टअप आइडिया के लिए निवेश जीतने की कोशिश करते हैं। शो अन्य जजों में Shaadi.com के फाउंडर और सीईओ अनुपम मित्तल, मामाअर्थ की गजल अलघ, लेंसकार्ट के पीयूष बंसल, बोट के अमन गुप्ता, सुगर कॉस्मेटिक्स की वीनिता सिंह और एमक्योर फार्मा की नमिता थापर शामिल हैं।