आमतौर पर लोग सांप को देखते ही थर-थर कांपने लगते हैं। इसकी वजह ये है कि सांप लोगों पर हमला भी कर देता है। वहीं कुछ सांप ऐसे होते हैं, जो हमला नहीं करते हैं। जिससे इंसानो को डर कम रहता है। सांप के काटने की खबरें आपने कई बार सुनी होगी। लेकिन आज एक ऐसे सांप के बारे में बता रहे हैं, जो सोशल मीडिया में चप्पल चोर के नाम से मशहूर हो गया है। दरअसल, यह सांप एक महिला की चप्पल चुराकर तेजी से भाग रहा है। ऐसे में चप्पल चोर सांप का वीडियो वायरल होते ही लोग खूब ठहाके भी लगा रहे हैं।
वैसे भी कहा जाता है कि सांप किसी को नुकसान नहीं पहुंचाते हैं। लेकिन उसे अगर खतरा महसूस हुआ तो फिर अपनी आत्म रक्षा के लिए जहर का इस्तेमाल कर सकता है। ऐसे में सांप खतरनाक साबित हो सकता है। लेकिन इस वीडियो में सांप का अलग ही नजारा देखने को मिला।
वायरल वीडियो में एक सांप रिकॉर्ड करने वाले के पास आता है और पीछे से महिला की आवाज से लगता है कि वह उसे पास आने से रोकने की कोशिश कर रही है। अचानक, सांप पास पड़ी एक चप्पल को अपने मुंह में दबा लेता है और उसे खींचने लगता है। कुछ दूर तक चप्पल खींचने के बाद सांप अपना सिर चप्पल में फंसा लेता है और तेजी से भागने लगता है। यह देखकर आसपास मौजूद लोग हंसने लगते हैं और महिला चिल्लाते हुए कहती है कि ए चप्पल लेकर कहां जाता है? महिला के टोन से लग रहा है कि वीडियो भोजपुरी बेल्ट का ही है। हालांकि अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि वीडियो कहां का है और कब का है?
वीडियो ध्यान से देखें तो शायद आपको भी ये लगने लगे कि सांप चप्पल चुरा कर ही भाग रहा है। वीडियो को कैप्शन ही चप्पल चोर सांप दिया गया है। हैरानी की बात ये है कि सांप चप्पल को लेकर घास में घुस जाता है। चप्पल लेकर भागने के दौरान एक बार भी सांप के मुंह से चप्पल नहीं गिरी है। कमेंट्स में कुछ लोग कह रहे हैं कि नागिन को तोहफा देने के लिए नाग चप्पल ले जा रहा है।