मशहूर फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने क्रिकेट NFTs बेचने वाली ब्लॉकचेन स्टार्टअप में लगाया पैसा, जानिए डिटेल

क्रिकेट NFTs की ट्रेडिंग मुहैया कराने वाली ऑनलाइन प्लेटफॉर्म FanCraze अपने नए फंडिंग राउंड में क्रिस्टियानो रोनाल्डो सहित कई निवेशकों से 10 करोड़ डॉलर जुटा रही है

अपडेटेड Mar 21, 2022 पर 3:54 PM
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने क्रिकेट NFTs पर लगाया दांव

आधिकारिक लाइसेंस प्राप्त क्रिकेट कलेक्टिबल्स या नॉन-फंजिबल टोकन (NFTs) की ट्रेडिंग मुहैया कराने वाली एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म फैनक्रेज (FanCraze) अपने नए फंडिंग राउंड में 10 करोड़ डॉलर जुटा रही है। खास बात यह है कि मशहूर फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) भी इस राउंड में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म में पैसा लगा रहे हैं। मामले से सीधे वाकिफ सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

सूत्रों ने बताया कि यह सीरीज ए फंडिंग राउंड है और इसकी अगुआई वेंचर कैपिटल फर्म- B कैपिटल ग्रुप और इनसाइट पार्टनर्स कर रही हैं। इसके अलावा साउथ कोरिया कि मिराए एसेट भी इस राउंड में भाग ले रही है। FanCraze एक ब्लॉकचेन स्टार्टअप है, जिसे पूर्व में फेज टेक्वोनोलॉजीज (Faze Technologies) के नाम से जाना जाता था।

एक सूत्र ने बताया कि इस फंडिंग राउंड को लेकर आने वाले हफ्तों में आधिकारिक घोषणा हो सकती है। उन्होंने बताया कि आधिकारिक घोषणा में फंडिंग की साइज में बदलाव भी देखने को मिल सकता है क्योंकि बातचीत अभी भी जारी है।


यह भी पढ़ें- Closing Bell: सेंसेक्स 571 अंक टूटा, निफ्टी 17150 के नीचे फिसला, ऑटो, बैंक, पावर और रियल्टी शेयर रहें टॉप लूजर

B कैपिटल ग्रुप, इनसाइट पार्टनर्स और फैनक्रेज के प्रतिनिधियों ने इस खबर पर टिप्पणी करने से मना कर दिया। वहीं मिराए एसेट के प्रतिनिधि से तत्काल में संपर्क नहीं किया जा सका। क्रिस्टियानो रोनाल्डो के फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड के मीडिया प्रतिनिधि ने मनीकंट्रोल के ईमेल से भेजे सवालों का खबर लिखे जाने तक जवाब नहीं दिया था।

FanCraze की स्थापना स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र और फॉर्मर इनवेस्टमेंट बैंकर अंशुम भांबरी ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर 2021 में की थी। स्टार्टअप ने फ्लो ब्लॉकचैन पर एक्सक्लूसिव क्रिकेट नॉन-फंजिबल टोकन (NFTs) बनाने के लिएइंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के साथ एक साझेदारी की है। FanCraze की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक इसने जनवरी में अपना मार्केटप्लेस लॉन्च किया था और अपना पहला NFT पैक जारी किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।