जानें पीएम मोदी ने ऐसा क्या ट्वीट किया कि अपने ही प्रधानमंत्री को खरी खोटी सुनाने लगे पाकिस्तानी

CWG 2022: पूजा गहलोत (Pooja Gehlot) के गोल्ड मेडल जीतने में नाकाम रहने के बाद देश से माफी मांगने वाले बयान के बाद प्रधानमंत्री द्वारा किए गए ट्वीट पर भारत ही नहीं बल्कि पाकिस्तान से भी सोशल मीडिया यूजर्स पीएम मोदी की तारीफ कर रहे हैं

अपडेटेड Aug 08, 2022 पर 10:34 AM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया एक ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है

Pooja Gehlot CWG 2022: कॉमनवेल्थ गेम्स में कुश्ती में ब्रांज मेडल जीतने वाली पूजा गहलोत (Pooja Gehlot) के गोल्ड मेडल जीतने में नाकाम रहने के बाद देश से माफी मांगने वाले बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया एक ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। भारत ही नहीं बल्कि पाकिस्तान से भी सोशल मीडिया यूजर्स पीएम मोदी की तारीफ कर रहे हैं।

एक पाकिस्तानी पत्रकार ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए अपने देश के नेताओं के रवैये पर सवाल उठा दिए। दरअसल, पीएम मोदी ने बर्मिंघम में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के कई पदक जीतने के बाद रविवार को खिलाड़ियों प्रयासों की सराहना की।

ये भी पढ़ें- CWG 2022: बॉक्सर निकहत जरीन ने जीता गोल्ड मेडल, कॉमनवेल्थ गेम्स में बॉक्सिंग में आज सोने की तरह चमका भारत


महिलाओं की 50 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में ब्रांज मेडल जीतकर भावुक हुई और लोगों से माफी मांगने वाली भारतीय पहलवान पूजा गहलोत के एक वीडियो को टैग करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘‘पूजा, आपके पदक के लिए उत्सव होना चाहिए, माफी नहीं।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘आपकी जीवन यात्रा हमें प्रेरित करती है, आपकी सफलता हमें प्रसन्न करती है। आपकी किस्मत में कई शानदार चीजें हैं.... चमकते रहें!’’ पीएम मोदी के इस ट्वीट के बाद पाकिस्तानी अपने देश के नेताओं पर गुस्सा निकल रहे हैं।

पाकिस्तान के एक पत्रकार ने पीएम मोदी के ट्वीट पर लिखा, 'इस तरह भारत अपने एथलीटों को प्रोजेक्ट करता है। पूजा गहलोत ने ब्रांज जीता और दुख व्यक्त किया, क्योंकि वह गोल्ड मेडल जीतने में असमर्थ थीं, और पीएम मोदी ने उन्हें जवाब दिया। कभी पाकिस्तान के पीएम या राष्ट्रपति के लिए ऐसा संदेश देखा है? क्या उन्हें यह भी पता है कि पाकिस्तानी एथलीट पदक जीत रहे हैं?'

दरअसल, ब्रांज मेडल जीतने के बाद भी पूजा गहलोत भावुक हो गई थीं। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं हार गई हूं। मुझे इसका दुख है। मैं देशवासियों से माफी मांगती हूं। मैं उम्मीद कर रही थी कि यहां राष्ट्रगान बजवाउंगी, लेकिन हार गई।

उनका यह वीडियो जल्द ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पूजा के इस वीडियो पर प्रधानमंत्री मोदी ने प्रतिक्रिया दी, जो भारत सहित पाकिस्तान में भी वायरल हो गया है। कई पाकिस्तानी यूजर्स ट्वीट कर पीएम मोदी की सराहना कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।