दिल्ली में कांस्टेबल की हत्या करने वाले को पुलिस ने किया ढेर, चाकू घोंपकर की थी हत्या, दो गिरफ्तार

Delhi Crime: दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में पुलिस कांस्टेबल किरण पाल की हत्या कर दी गई थी। इस बीच पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी रॉकी उर्फ राघव को सरेंडर के लिए कहा। दोनों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। वहीं इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है

अपडेटेड Nov 24, 2024 पर 8:52 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhi crime: दिल्ली पुलिस ने देर रात एक आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया है।

दिल्ली के गोविंदपुरी थाने में तैनात कांस्टेबल किरणपाल की पेट्रोलिंग के दौरान चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। इस मामले में क्राइम ब्रांच की टीम ने एक बदमाश को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। वहीं दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस कांस्टेबल की हत्या में रॉकी उर्फ राघव ही मुख्य आरोपी था। रॉकी ने ही चाकू से कांस्टेबल पर हमला किया था। जिससे उनकी मौत हो गई थी। इससे पहले दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस हत्याकांड में एक आरोपी दीपक को गिरफ्तार किया था। एनकाउंटर में दीपक के पैर में गोली लगी थी।

वहीं कृष गुप्ता को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस को संदेह है कि आरोपी नशे के आदी थे और छोटे-मोटे अपराध करते थे। दीपक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। बता दें कि कांस्टेबल किरण पाल उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के मूल निवासी थे। उनके परिवार में उनकी मां, बड़े भाई और भाभी हैं। उन्हें साल 2018 में दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के रूप में नौकरी मिली थी।

बदमाश के पास से पिस्टल और कारतूस मिले


एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 23 नवंबर की देर शाम दिल्ली पुलिस को मुख्य आरोपी के ठिकाने के बारे में जानकारी मिली थी। जिसकी पहचान संगम विहार के डी ब्लॉक निवासी राघव उर्फ रॉकी के रूप में हुई। स्पेशल सेल, नारकोटिक्स सेल और साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की एक ज्वाइंट टीम सूचना के बाद संगम विहार को सूरजकुंड रोड से जोड़ने वाले इलाके में गई। पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पूछताछ के लिए सरेंडर करने को कहा। इस बीच, रॉकी ने अपनी पिस्टल से पुलिस की टीम पर गोली चला दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। जिससे पुलिस की गोली से रॉकी घायल हो गया। फिर पुलिस उसे अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से आरोपी के पास से .32 बोर की पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

कांस्टेबल के शरीर पर थे गहरे जख्म

पुलिसकर्मियों को कांस्टेबल किरणपाल गोविंदपुरी के पास गली नंबर 13 में जख्मी हालत में मिले थे। उनके ऊपर चाकू से हमला किया गया था। वह बेहोश थे। घायल कांस्टेबल को मजीदिया अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। इस मामले में दिल्ली पुलिस की साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट और क्राइम ब्रांच की टीम ने कृष और दीपक नाम के आरोपियों को पहले पकड़ लिया था। इन्होंने ही पूछताछ में रॉकी का नाम बताया था। इसके बाद रॉकी एनकाउंटर में मारा गया।

Delhi AQI Today: दिल्ली में सांस लेना अभी भी मुश्किल, Severe कैटेगरी में एयर क्वालिटी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।