देश के कई इलाकों में इन दिनों मौसम का मिजाज कुछ अलग ही नजर आ रहा है। कड़ाके की ठंड के बाद अब दिन में धीरे-धीरे गर्मी का एहसास होने लगा है। एक बार फिर से मौसम में उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 और 20 फरवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है। 17 फरवरी को ही पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में एक्टिव होने वाला है। जिससे कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर यानी नोएडा, गाजियाबाद और गुड़गांव में 19 और 20 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है।
दिल्ली में कल 16 फरवरी दिन रविवार को हल्के बादल छा सकते हैं। 17 फरवरी को भी बादल छाए रहेंगे। 18 को मौसम साफ रहेगा, लेकिन 19 और 20 फरवरी को भी बादल छाए रहेंगे। इसके बाद बूंदाबांदी होगी। 21 फरवरी को भी बादल छाए रहेंगे, लेकिन 22 फरवरी को आसमान साफ रहेगा।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 डिग्री से ऊपर
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पालम में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग3 सेल्सियस और लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज (15 फरवरी 2025) अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके बाद रविवार से मंगलवार के बीच अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। इसके बाद बुधवार को हल्की बारिश हो सकती है।
दिल्ली में 4 महीने बाद हवा साफ
दिल्ली में शुक्रवार को हवा पिछले चार माह में सबसे साफ रही। फिर भी हवा की गुणवत्ता मध्य श्रेणी में रही।केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार शनिवार को भी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रह सकती है। इसके बाद स्थानीय कारणों से प्रदूषण का स्तर थोड़ा बढ़ सकता है। इस वजह से रविवार और सोमवार को हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच सकती है।
इन राज्यों में भी बारिश कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने 20 फरवरी तक अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई है। आंधी तूफान के साथ बिजली कड़क सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। अगले 7 दिन जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 20 फरवरी तक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश हो सकती है। कल 16 फरवरी को उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है।