शार्क टैंक इंडिया के पूर्व जज और भारतपे के पूर्व फाउंडर अशनीर ग्रोवर ने DigiYatra यूजर्स को कुछ अहम सलाह दी है। अशनीर ग्रोवर ने दावा किया है कि DigiYatra का ऐप नए अपडेट के बाद काम नहीं कर रहा है। इसका इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को इसे फिर से इंस्टॉल करके रजिस्ट्रेशन करना होगा और फिर बोर्डिंग पास अपलोड करना होगा। अशनीर ग्रोवर ने इसे लेकर उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके मंत्रालय को टैग करते हुए एक ट्वीट किया है। अशनीर ग्रोवर के ट्वीट का जवाब देते हुए कुछ यूजर्स ने उन्हें इस जानकारी के लिए शुक्रिया अदा किया है और कहा कि यह टिप उनके काम आई है।
अशनीर ग्रोवर ने ट्वीट में क्या कहा
अशनीर ग्रोवर ने ट्वीट में कहा, "हे डिजीयात्रा यूजर्स! नए अपडेट के बाद ऐप काम नहीं करेगा। (आप अपलोड किए गए बोर्डिंग पास को साझा नहीं कर पाएंगे)। इसे फिर से इंस्टॉल करें, फिर से रजिस्टर करें। और फिर एयरपोर्ट पर जाने से पहले अपना बोर्डिंग (पास) अपलोड करें। इस तरह आप अंतिम समय पर होने वाली किसी भी दिक्कत से बच सकते हैं।"
एक यूजर श्लोक (@shlokarth) ने लिखा, "धन्यवाद, अश्नीर ग्रोवर! आइडेंटिटी को फिर से इंस्टॉल करने और वेरिफाई करने के बाद यह काम कर रहा है।" एक अन्य ट्विटर यूजर नीरज एम (@being_happyyy) ने कहा, "मैंने भी कुछ समय पहले इस समस्या का सामना किया था..मैं हैरान हूं कि क्यों हर सरकारी ऐप एक समय के बाद दिक्कत देने लगता है।"
भारत सरकार ने हवाई यात्रा की परेशानी को दूर करने के लिए Digi App की शुरुआत की है। इस ऐप के माध्यम से हवाई यात्रा करने वाले नागरिक एयरपोर्ट पर पेपर लेस एंट्री कर पाएंगे। इस ऐप के माध्यम से यात्रियों को अपनी पहचान के लिए आईडी कार्ड और बोर्डिंग पास ले जाना जरूरी नहीं होगा। इस ऐप के माध्यम से उनकी पहचान की जाएगी और उनकी पेपरलेस एंट्री होगी। डीजी यात्रा को अभी चुनिंदा एयरपोर्ट्स पर शुरू किया गया है।