सड़क पर अगर आप गाड़ी चलाते हैं तो आपको कई तरह के ट्रैफिक नियमों का पालन करना होता है। ऐसा नहीं करने पर हजारों रुपये का चालान जुर्माने के तौर पर किया जाता है। हालांकि कई लोग ऐसे भी होते हैं। जिन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता और वो नियमों का लगातार उल्लंघन करते रहते हैं। अब ऐसे लोगों से निपटने के लिए सिस्टम को और कड़ा बनाया जा रहा है। जिसमें ऐसा करने वालों को सबक सिखाया जाएगा। 1 जून से नए परिवहन नियम (New Driving License Rules 2024) लागू हो रहे हैं। इन नियमों का उल्लंघन करने पर आपको भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है। इसके साथ ही आपकी परेशानी बढ़ सकती है।
सरकारी क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) की ओर से नए नियम जारी किए जाएंगे। इसमें 1 जून 2024 से नए नियमों को लागू किया जाएगा। गाड़ी तेज गति से लेकर कम उम्र में चलाने तक में भारी जुर्माना देना होगा। नियमों के अनुसार अगर कोई तेज स्पीड में वाहन चलाता है तो उसको 1000 रुपये से 2000 रुपये का जुर्माना देना होगा।
नाबालिग के वाहन चलाने पर 25,000 रुपये जुर्माना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस बेहद जरूरी हो गया है। नाबालिग के वाहन चलाने पर मोटा जुर्माना लगया जाएगा। 18 साल से कम उम्र के लोग अगर वाहन चलाते पाए जाते हैं तो 25,000 रुपये तक जुर्माना भरना पड़ेगा। इसके अलावा वाहन मालिक का ड्राइविंग लाइसेंस भी रद्द हो सकता है। साथ ही नाबालिग को 25 साल की उम्र तक लाइसेंस भी नहीं दिया जाएगा। बता दें कि 18 साल की उम्र पूरी होने के बाद ही लाइसेंस जारी किया जाता है। वहीं 16 साल की उम्र पूरी होने पर 50 सीसी की क्षमता वाले मोटरसाइकिल को चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस लिया जा सकता है। इसके बाद 18 साल के होने पर आप उस लाइसेंस को अपडेट करा सकते हैं।
किन लोगों पर कितना लगेगा जुर्माना
तेज़ गति से गाड़ी चलाने वाले पर 1000 रुपये से 2000 रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है। वहीं बिना लाइसेंस गाड़ी चलाने पर 500 रुपये का जुर्माना देना होगा। हेलमेट न पहनने पर 100 रुपये का जुर्माना भरना होगा। सीट बेल्ट न पहनने पर 100 रुपये का जुर्माना देना होगा।