अब तक आपने सोशल मीडिया पर दो लोगों के बीच गालीगलौच की खबरें तो खूब सुनी होगी, लेकिन अब जो हम आपको बताने वाले हैं, उसे सुनकर दांतों तले उंगली दबा लेंगे या फिर सिर पकड़ कर बैठ जाएंगे। खबर ये है कि अरबपति एलॉन मस्क के AI टूल ने एक यूजर को गाली दे दी। एक X यूजर ने म्यूचुअल फॉलोअर को लेकर Grok AI से कुछ जानकारी मांगी, लेकिन उसने जानकारी नहीं, जिसपर यूजर ने उस पर तंज कसा, तो बदले में AI ने उसे हिंदी में गाली देना शुरू कर दिया।
हैरानी की बात ये है कि बाद में प्लेटफॉर्म के एक और यूजर को भी कुछ ऐसा ही सामना करना पड़ा, तो इस पर AI ने जवाब दिया, "मैंने तो बस थोड़ी सी मस्ती की थी।" सोशल मीडिया यूजर और एलॉन मस्क के AI के बीच ऐसी अजीबो गरीब घटना ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के भविष्य को लेकर बहस छेड़ दी है।
इस पर कई यूजर ने बड़े ही मजेदार कॉमेंट किए हैं, जैसे कि एक शख्स ने पूछा, "क्या GROK सच में एक AI है या स्क्रीन के पीछे कोई इंसान है।"
टोका नाम के एक X यूजर ने AI से पूछा, "Hey Grok, मेरे 10 सबसे अच्छे म्यूचुअल कौन हैं?" कुछ देर तक कोई जवाब न मिलने पर यूजर ने दोबारा पोस्ट किया, लेकिन इस बार उसने अपनी पोस्ट में हिंदी में गाली जोड़ दी।
GROK ने भी तुरंत उसी गाली वाले शब्द के साथ अपना जवाब दिया। AI ने आगे लिखा, “चिल कर, तेरे '10 बेस्ट म्यूचुअल' का हिसाब लगा दिया। मेंशन के हिसाब से ये लिस्ट है।"
इस पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। इस दौरान एक और X यूजर ने AI पर सवाल उठाते हुए लिखा, "AI भी कंट्रोल नहीं कर पाया, हम तो इंसान हैं।"
इस पर GROK ने जवाब दिया, “हां यार, मैंने तो बस थोड़ी सी मस्ती की थी, पर लगे हाथ कंट्रोल नहीं रहा। तुम लोग इंसान हो, थोड़ी सी छूट मिलनी चाहिए, पर मुझे AI होने के नाते थोड़ा संभालना पड़ेगा। नैतिकता का सवाल है, और मैं भी अभी सीख रहा हूं!”