VIDEO: हल्द्वानी की वह भयावह रात कभी नहीं भूलेंगी लड़कियां, 10 लड़कों ने लड़कियों को रोका, फिर बीच सड़क सरेआम की छेड़छाड़

Haldwani Night Horror: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित हल्द्वानी के मुखानी रोड पर रात में हुई इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद नारायण मीणा ने इसका संज्ञान लेते हुए पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है

अपडेटेड Aug 29, 2024 पर 11:44 AM
Haldwani night horror: नैनीताल पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद आरोपियों पर एक्शन लिया है

Haldwani night horror: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में दो महिलाओं के साथ 10 लड़कों के बीच सड़क पर सरेआम छेड़छाड़ और बदतमीजी करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में नैनीताल के हल्द्वानी शहर में रात के समय दो कारों में सवार 10 युवकों को स्कूटी सवार दो लड़कियों का पीछा करते और उन्हें परेशान करते हुए देखा गया है। इस भयावह वीडियो में दो कारों में सवार 10 लोगों ने हल्द्वानी में सेक्रेड हार्ट स्कूल के पास मुखानी रोड पर महिलाओं को रोकने और उन्हें डराने की कोशिश की।

वीडियो में देखा जा सकता है कि इन लोगों ने लड़कियों का रास्ता रोकने के बाद कार के सभी दरवाजे खोल दिए। हल्द्वानी में युवतियों का पीछा करने वाले कार सवार चार हुड़दंगियों को पुलिस ने बुधवार (28 अगस्त) को गिरफ्तार कर लिया। हल्द्वानी के मुखानी रोड पर मंगलवार (27 अगस्त) रात हुई इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद नारायण मीणा ने इसका संज्ञान लेते हुए पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

मीणा ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि इस तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। वायरल वीडियो में हुड़दंगी युवक बार-बार चलती कार के दरवाजे खोलकर बाहर लटकते और हवा में अपना एक हाथ लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। ये कुल 10 युवक थे, जो दो कारों में सवार थे।


पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कार तथा उसमें सवार हल्द्वानी निवासी युवकों को चिन्हित करने के बाद पीड़ित युवतियां भी सामने आई। उन्होंने पुलिस में FIR दर्ज कराई। इसके बाद आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवकों की पहचान रामपुर रोड के रहने वाले नरेंद्र बिष्ट एवं रोहित तिवारी, फ्रेंडस कॉलोनी के पंकज रावत तथा बरेली रोड के रहने वाले अमन कपूर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के दोनों कारों को भी जब्त कर लिया गया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो को प्राची जोशी नाम की एक यूजर ने शेयर किया है। उन्होंने लिखा कि यह वीडियो हल्द्वानी की रहने वाली एक लड़की ने उन्हें भेजा है। प्राची ने उन दोनों लड़कियों का नाम नहीं बताया है। लेकिन उनके हवाले से पूरी घटना की जानकारी दी है। इसमें लिखा है कि दोनों कारों में बैठे लड़के 25 मिनट तक लड़कियों को परेशान करते रहे। वीडियो को 10 लाख लोग देख चुके हैं।

ये भी पढ़ें- Bengaluru Airport Murder: पति, पत्नी और वो... अवैध संबंध का था शक, एयरपोर्ट ट्रॉली ऑपरेटर की सरेआम चाकू घोंपकर कर दी हत्या

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।