देशभर में नए साल का जश्न धूमधाम से मनाया जा रहा है। नए साल में कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक नए साल का स्वागत किया जा रहा है। कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, झारखंड से लेकर असम और दक्षिण भारत के कन्याकुमारी तक नए साल का जश्न खूब जोरों शोरों से मनाया जा रहा है। दुनिया के अलग-अलग हिस्से में टाइम जोन अलग होने के कारण हर देश का नया साल अलग समय पर शुरू हुआ। सबसे पहले किरीटीमाटी द्वीप (क्रिसमस द्वीप) में नया साल मनाया गया। ये आईलैंड किरिबाती रिपब्लिक का हिस्सा है। यह भारत से 7.30 घंटे आगे है। भारत से पहले कुल 41 देश नया साल मनाते हैं। न्यूजीलैंड के निवासियों ने भी साल 2025 का जोरदार स्वागत किया।
हिमाचल-उत्तराखंड में भारी संख्या में लोग बर्फ के बीच नए साल का जश्न मनाने पहुंचे हैं। वहीं मथुरा-वृंदावन, अयोध्या, काशी और खाटू श्याम दरबार में श्रद्धालियों का भारी हुजूम दिख रहा है। न्यू ईयर की धूम के चलते लोगों की भीड़ को कंट्रोल करने के लिए कई जगहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नए साल से पहले मुंबई सुरक्षा के मद्देनजर 14,000 से अधिक जवान तैनात किए गए। बांके बिहारी मंदिर में भीड़ को रोकने के लिए सख्त वन-वे प्रवेश और निकास व्यवस्था लागू की गई है। काशी और अयोध्या में भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है।
UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश वासियों को नए साल की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने भरोसा जताया कि साल 2025 में राज्य को तरक्की के रास्ते पर ले जाने के प्रयासों को और गति मिलेगी। सीएम ने अपने बधाई संदेश में प्रदेश की जनता को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया। साल 2025 में राज्य को समृद्धि एवं विकास के रास्ते पर ले जाने के डबल इंजन सरकार के प्रयासों को और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में चालू विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश की जनता का जीवन स्तर बेहतर करने में मदद मिल रही है। डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ गरीब, किसान, नौजवान, महिला सहित समाज के हर वर्ग को मिल रहा है।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए साल 2025 के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्कस पर कहा कि यह वर्ष सभी के लिए नए अवसर, सफलता और अनंत खुशियां लेकर आए। सभी को उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि का आशीर्वाद मिले।
गंगा आरती में उमड़ी भक्तों की भीड़
नए साल के स्वागत के बाद लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा आरती के दौरान भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। शिव नगरी काशी में नए साल के स्वागत के लिए बीती शाम भी दशाश्वमेध घाट पर भव्य और शानदार गंगा आरती हुई। 2100 दीप सजाकर सभी को नए साल 2025 की मंगलकामनाएं की गई।
मुंबई-दिल्ली के मंदिरों में भक्तों का तांता
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के सिद्धिविनायक में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। बड़ी संख्या में लोग गणपति का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। ऐसे ही दिल्ली के मशहूर झंडेवालान मंदिर में भी भक्तों की भीड़ उमड़ी है। कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन किए। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
खाटू श्याम मंदिर में वीआईपी एंट्री पर रोक
न्यू ईयर का आगाज खाटू श्याम के आशीर्वाद के साथ करने हजारों की संख्या में लोग राजस्थान के सीकर जिले के प्रसिद्ध बाबा श्याम की नगरी में पहुंचे। इस मौके पर पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था की है। भीड़ को कंट्रेल करने के लिए वीआईपी एंट्री पर रोक लगाई गई है। इसके साथ ही सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था में भी प्रशासन की ओर से सहयोग किया जा रहा है। श्री श्याम मंदिर कमेटी ने बाबा के निज मंदिर को भव्य और आकर्षक रूप से सजाया है।