मुकेश अंबानी के विजन और सोच के आगे मैं खुद को छोटा महसूस करता हूं: हर्ष गोयनका

हर्ष गोयनका आरपीजी ग्रुप के चेयरमैन हैं। उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी से जुड़ा एक पॉडकास्ट शेयर किया है। यह पॉडकास्ट रिलायंस इंडस्ट्रीज के पूर्व प्रेसिडेंट कैप्टन रघु रमन का है। इसमें रमन ने अंबानी के साथ एक मुलाकात का जिक्र किया है

अपडेटेड Feb 26, 2025 पर 2:57 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मुकेश अंबानी इंडिया की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन हैं।

आरपीजी ग्रुप के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने मुकेश अंबानी के बारे में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि एक लीडर जिसके विजन और सोच के आगे में छोटा महसूस करता हूं वह मुकेश अंबानी हैं। गोयनका ने इस बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है। उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के पूर्व प्रेसिडेंट कैप्टन रघु रमन का एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें उन्होंने (रमन) ने यह बताया है कि कौन सी बातें अंबानी को इतना कामयाब बनाती हैं।

एक पॉडकास्ट के क्लिप में रमन ने कहा है कि अंबानी जैसे लीडर्स जिस तरह से टैलेंट अट्रैक्ट करते हैं और उसे अपने साथ बनाए रखते हैं, उसकी मुख्य वजह यह है कि बचपन से ही उन्हें लीडरशिप के बारे में सीखने को मिलता है। रमन ने एक ऐसी घटना के बारे में बताया है, जिसके बाद उनके मन में अंबानी के लिए सम्मान और बढ़ गया। रमन ने बताया है कि यह बात 2017-18 की है। उन्होंने ड्रोन से जुड़े एक प्लान के बारे में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन से चर्चा करने के बारे में सोचा।

रमन ने थिंक स्कूल पॉडकास्ट में गणेशप्रसाद श्रीधरन को बताया, "तब यह माना जा रहा था कि ड्रोन का व्यावसायिक इस्तेमाल शुरू होने वाला है। एक ऑर्डर आने और यह बताने के बाद कि हम प्लान पर काम कर रहे हैं, मैं उनके (अंबानी) पास जाना नहीं चाहता था। मैंने ड्रोन के इस्तेमाल का प्लान बनाया। लेकिन, मैं उनके पास गया। उन्होंने 2 मिनट मेरी बातें सुनीं। उसके बाद उन्होंने अपने ड्रावर से एक शीट निकाला और कहा कि हमें एक सैटेलाइट खरीदना चाहिए। यूक्रेन से 40 करोड़ डॉलर में सैटेलाइट का एक ऑफर आया है। हम इसे खरीदते हैं।"


रमन ने कहा कि अगर यह सुझाव किसी और लीडर की तरफ से आया होता तो वे इस पर संदेह कर सकते थे। लेकिन, यह सुझाव अंबानी की तरफ से आया था, जिससे रमन उनके विजन से हैरान रह गए। रमन ने बताया, "मैं ड्रोन के बारे में सोच रहा था और वह सैटेलाइट के बारे में सोच रहे थे। सोच में यह फर्क बताता है कि वह एक स्पेशल व्यक्ति हैं जिन्होंने लीडरशिप सीखी है।"

(मनीकंट्रोल नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का नियंत्रण है, जिसका एकमात्र बेनेफिशियरी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।