Holi Namaz Row: होली पर जुमे की नमाज दोपहर 2 बजे के बाद होगी, अयोध्या में मौलवी का बड़ा ऐलान

Holi Namaz Row: होली के त्योहार के मद्देनजर अयोध्या की सभी मस्जिदों में शुक्रवार (जुमा) की नमाज दोपहर दो बजे के बाद अदा की जाएगी। अयोध्या के एक अहम मौलवी मोहम्मद हनीफ ने जुमे की नमाज के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। होली वाले दिन जुमे (शुक्रवार) की नमाज के चलते उत्तर प्रदेश प्रशासन कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता है

अपडेटेड Mar 12, 2025 पर 8:56 PM
Holi Namaz Row: होली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए जुमे की नमाज के समय में बदलाव किया जाएगा

Holi Namaz Row: इस बार होली और जुमा एक ही दिन शुक्रवार (14 मार्च) को पड़ रहे हैं। होली वाले दिन जुमे (शुक्रवार) की नमाज के चलते प्रशासन कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता है। इस क्रम में होली के त्योहार के मद्देनजर भगवान राम की नगरी अयोध्या की सभी मस्जिदों में जुमे की नमाज दोपहर दो बजे के बाद अदा करने का ऐलान किया गया है। अयोध्या के एक अहम मौलवी मोहम्मद हनीफ ने शुक्रवार की नमाज के लिए व्यापक गाइडलाइंस जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि होली के त्योहार के मद्देनजर अयोध्या की सभी मस्जिदों में शुक्रवार (जुमा) की नमाज दोपहर दो बजे के बाद अदा की जाएगी।

अयोध्या स्थित मस्जिद सराय की कमेटी के अध्यक्ष हनीफ ने पीटीआई से कहा कि होली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए जुमे की नमाज के समय में बदलाव किया जाएगा। हनीफ ने कहा, "होली के त्योहार के समय को ध्यान में रखते हुए हमने सभी मस्जिदों को दोपहर दो बजे के बाद जुमे की नमाज अदा करने का निर्देश दिया है, क्योंकि जुमे की नमाज शाम 4:30 बजे तक पढ़ी जा सकती है।"

सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देने के प्रयास के तहत अयोध्या में तब्लीगी जमात मरकज के 'अमीर' हनीफ ने लोगों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "हम अपने हिंदू भाइयों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। हम उनकी खुशी में शामिल होते हैं और जश्न में उनके साथ खड़े होते हैं।"


हनीफ ने कहा, "मैंने मुस्लिम समुदाय के सभी सदस्यों से भी होली के दौरान धैर्य और उदारता दिखाने का आग्रह किया है। अगर कोई उन्हें रंग लगाता है, तो उन्हें मुस्कुराकर जवाब देना चाहिए और प्यार और सम्मान की भावना से 'होली मुबारक' कहना चाहिए।"

स्थानीय लोगों ने की तारीफ

उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है कि होली और जुमा एक साथ आए हैं। ऐसा कई हुआ है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए एकता को बढ़ावा देने का अवसर है। स्थानीय व्यवसायी सौरभ विक्रम सिंह ने जुमे की नमाज के समय में बदलाव के कदम की तारीफ की।

उन्होंने कहा, "हमारे शहर में हम अपने मुस्लिम भाइयों पर कभी भी रंग नहीं डालते क्योंकि हम शांति बनाए रखने के महत्व को समझते हैं। सहयोग की भावना हमेशा बनी रहती है और जब भी होली और जुमा एक साथ आते हैं, तो उत्सव शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से बीतता है।"

प्रशासन ने उठाए ये बड़े कदम

अयोध्या के जिलाधिकारी (DM) चंद्र विजय सिंह ने त्योहार के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि होलिका दहन केवल पारंपरिक स्थलों पर ही करने की अनुमति होगी। सिंह ने कहा, "सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए, होलिका दहन केवल स्थापित स्थानों पर ही किया जाएगा। नए स्थानों पर इसे प्रतिबंधित किया गया है।"

ये भी पढ़ें- Sambhal: होली से पहले संभल की जामा मस्जिद समेत 10 मस्जिदों को तिरपाल से ढका गया

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। डीएम ने पीटीआई से कहा, "हम व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी होलिका दहन स्थलों पर पुलिस कर्मियों को भी तैनात कर रहे हैं। प्रशासन सतर्क है, खासकर रमजान के पवित्र महीने के चलते। शांतिपूर्ण त्योहार सुनिश्चित करने के लिए शहरों और गांवों में धार्मिक नेताओं और समुदाय के प्रमुख सदस्यों के साथ शांति समिति की बैठकें की जा रही हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।