Imran Khan Arrest: भ्रष्टाचार के एक मामले में पाकिस्तान (Pakistan) के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) की गिरफ्तारी के बाद देश भर में व्यापक विरोध प्रदर्शन (Protest) हुए। PTI प्रमुख के समर्थक उनकी रिहाई की मांग के लिए सड़कों पर उतर आए। जहां कई प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जता रहे थे, तो कुछ ने हिंसा और लूटपाट का सहारा भी लिया।
लाहौर में, खान के कुछ समर्थक कोर कमांडर के घर में घुस गए और वहां से सामान चुरा लिया, जिसमें मोर और फ्रोजन स्ट्रॉबेरी शामिल थीं। एक वायरल वीडियो में, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के एक कार्यकर्ता को एक मोर पकड़े और दावा करते हुए देखा गया कि उसने इसे इसलिए लिया, क्योंकि इसे "आम जनता के पैसों" से खरीदा गया था।
एक दूसरे वीडियो में दो लोगों को दो सफेद मोर पकड़े हुए दिखाया गया है, जिसे उन्होंने कथित तौर पर सेना के कोर कमांडर के घर से चुराया था।
इतना ही नहीं लुटेरे खाना और कोका कोला भी साथ ले गए। एक ने कहा कि वह अपने बिल्लियों और कुत्तों को ये डिश खिलाएगा। प्रदर्शनकारी टोमेटो केचप, सलाद, दही और जिंदा मुर्गे भी ले गए। उन्होंने वीडियो बनाने वाली महिला से कहा कि उन्हें किचन से ये सब सामान मिला है।
खान के समर्थकों ने लाठियों से एक कमांडर के घर में तोड़फोड़ भी की। विरोध प्रदर्शनों के कारण देश भर में धारा 144 लागू कर दी गई, जो सार्वजनिक जगहों पर चार से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगाती है।
खान की गिरफ्तारी अल-कादिर ट्रस्ट मामले को लेकर हुई थी। उनके खिलाफ दर्ज कई FIR में जमानत मांगने के लिए इस्लामाबाद हाई कोर्ट के सामने उनकी पेशी से पहले ही, उन्हें हिरासत में ले लिया गया था।
वह PTI सरकार और एक प्रॉपर्टी टाइकून के बीच एक समझौते से जुड़े नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो (NAB) की जांच का सामना कर रहे हैं, जिसने कथित तौर पर राष्ट्रीय खजाने को 19 करोड़ पाउंड का नुकसान पहुंचाया।
खान और दूसरे आरोपियों ने कथित तौर पर ब्रिटेन की राष्ट्रीय अपराध एजेंसी की तरफ से सरकार को भेजे गए 50 अरब रुपए एडजस्ट किए थे।
खान की पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक वीडियो शेयर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक उनकी रिहाई की मांग को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। विरोध कम नहीं हुआ है, और ऐसी चिंताएं हैं कि अभी और भी बढ़ सकता है।
Geo News ने बताया कि PTI कार्यकर्ताओं ने इस्लामाबाद, रावलपिंडी, लाहौर, कराची, गुजरांवाला, फैसलाबाद, मुल्तान, पेशावर और मर्दन सहित देश भर के शहरों में विरोध प्रदर्शन किया। खान के कुछ समर्थकों की तरफ से हिंसा और लूटपाट की व्यापक रूप से निंदा की गई है।