इंस्टाग्राम यूजर्स हाल ही में एक अजीब दिक्कत का सामना कर रहे हैं। कई लोगों के फीड और रील्स में सेंसिटिव और अश्लील कंटेंट की बाढ़ आ गई है। खून-खराबे से जुड़े वीडियो उन यूजर्स को भी दिख रहे हैं, जिन्होंने पहले से सेंसिटिव कंटेंट का फिल्टर ऑन कर रखा है। यह समस्या दुनियाभर में देखी जा रही है और कई लोग इस बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी राय दे रहे हैं।
इससे परेशान यूजर्स ने सोशल मीडिया पर शिकायतें कीं, जिसके बाद मेटा ने इसे तकनीकी गड़बड़ी बताया और जल्द ही सुधार करने की बात कही।
फीड में आई सेंसटिव कंटेंट की बाढ़
दुनिया भर में इंस्टाग्राम यूजर्स परेशान हैं क्योंकि उनके फीड पर अचानक हिंसक और अनुचित सामग्री दिखाई देने लगी है। कई लोगों ने शिकायत की है। इस समस्या से नाराज यूजर्स अपनी शिकायतें एक्स (पहले ट्विटर) पर शेयर कर रहे हैं और इंस्टाग्राम से जल्द इसे सही करने की मांग कर रहे हैं।
दिखने लगे खून-खराबे वीडियो
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने लिखा, "आज इंस्टाग्राम का फीड मारपीट, संवेदनशील कंटेंट, यौन शोषण और अश्लील वीडियो से भरा पड़ा है। क्या ये सब सिर्फ मुझे ही दिख रहा है या बाकी लोगों को भी ऐसी ही रील्स मिल रही हैं?"
एक यूजर ने हैरानी जताते हुए लिखा, "Instagram को क्या हो गया है? हर दूसरी-तीसरी रील संवेदनशील कंटेंट से भरी पड़ी है। मिस्टर जुकरबर्ग को इसे जल्द ठीक करना चाहिए, क्योंकि यह 12 घंटे से ज्यादा समय से ऐसा ही है। यह वाकई सोशल मीडिया का सबसे बुरा दिन लग रहा है। इंस्टाग्राम अब डार्क वेब जैसा बन गया है!" वहीं एक यूजर ने तो एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें दिखाया गया कि उनका इंस्टाग्राम फीड पूरी तरह सेंसिटिव फीस की चेतावनियों से भरा हुआ है।
मेटा ने इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया कि इंस्टाग्राम पर अचानक इतनी सेंसिटिव फीड क्यों दिखने लगी। हालांकि, कंपनी ने माफी मांगते हुए CNBC को बताया कि यह सब एक "तकनीकी गलती" की वजह से हुआ। मेटा के प्रवक्ता ने CNBC को दिए बयान में कहा, "हमने एक गलती ठीक कर दी है, जिसकी वजह से कुछ यूजर्स को इंस्टाग्राम रील्स में फीड दिखाई दे रही थी जो नहीं दिखनी चाहिए थी। इस गलती के लिए हम माफी मांगते हैं।"
बता दें कि इंस्टाग्राम सेंसिटिव कंटेंट से बचने के लिए कई ऑप्शन भी हैं। इन ऑप्शन का इस्तेमाल यूजर्स अपनी च्वाइस के अनुसार कर सकते हैं। इसमें आप कम सेंसिटिव और ज्यादा सेंसिटिव कंटेंट ऑप्शन को चुन सकते हैं। इंस्टाग्राम ने इन ऑप्शन को एज ग्रुप के अनुसार बनाया है।
सेंसिटिव कंटेंट को लेकर ये है पॉलिसी
बता दें कि मेटा की पॉलिसी यह है कि वह यूजर्स को परेशान करने वाले कंटेंट से बचाए और अत्यधिक हिंसक या ग्राफिक कंटेंट को हटा दे। हालांकि, मेटा कुछ ग्राफिक कंटेंट को अनुमति देता है यदि वह गंभीर मुद्दों जैसे मानवाधिकार उल्लंघन, युद्ध, या आतंकवाद के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए होता है। ऐसे मामलों में, इंस्टाग्राम उन पोस्टों पर चेतावनी लेबल लगाता है ताकि दर्शक वीडियो देखने से पहले सावधान हो सकें।